दुनिया के सबसे बड़े ऑइल रिफाइनिंग कॉम्प्लेक्स के ऑपरेटर रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (Reliance Industries Ltd) ने फरवरी में यूक्रेन पर आक्रमण के बाद से कम से कम 150 लाख बैरल रूसी तेल का ऑर्डर दिया है। ये जानकारी ट्रेड सोर्स से मिली है। सूत्रों ने कहा कि रिलायंस ने जून तिमाही में हर महीने औसतन 50 लाख बैरल खरीदने के ऑर्डर दिये हैं। हालांकि रिलायंस ने इस बारे में रॉयटर्स के ईमेल का तुरंत जवाब नहीं दिया।
यूक्रेन युद्ध से पहले Reliance सहित भारतीय रिफाइनर उच्च माल ढुलाई की लागत के कारण शायद ही कभी रूसी तेल खरीदते थे।
लेकिन यूक्रेन पर आक्रमण के बाद से रूस के खिलाफ पश्चिमी देशों ने प्रतिबंध लगाये हैं। इसे मास्को एक "विशेष अभियान" कहता है। इन प्रतिबंधों के कारण कई तेल आयातक मास्को के साथ व्यापार से दूरी बना रहे हैं। इसकी वजह से रूस के कच्चे तेल की कीमतों में रिकॉर्ड स्तर तक गिरावट देखने को मिली है।
दुनिया के तीसरे सबसे बड़े तेल आयातक और उपभोक्ता भारत तेल की ऊंची कीमतों से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भारत अपनी प्रतिदिन की 50 लाख बैरल तेल जरूरतों का लगभग 85 प्रतिशत आयात करता है।
वहीं नई दिल्ली ने यूक्रेन में तत्काल युद्धविराम का आह्वान किया है, उसने स्पष्ट रूप से मास्को की कार्रवाइयों की निंदा नहीं की है। भारत ने आक्रमण पर संयुक्त राष्ट्र के कई प्रस्तावों पर मतदान से भी परहेज किया है।
Refinitiv का टैंकर फ्लो डेटा के अनुसार 5 अप्रैल से 9 मई के बीच पश्चिमी भारत में Reliance द्वारा संचालित सिक्का बंदरगाह पर लगभग 80 लाख बैरल रूसी तेल, मुख्य रूप से यूराल की आपूर्ति होने वाली है।
Refinitiv डेटा के अनुसार इनमें से अधिकांश बैरल की आपूर्ति रूसी ट्रेडर लिटास्को (Russian trader Litasco) द्वारा की गई है। ट्रेडर्स ने कहा कि Reliance रूसी तेल डिलीवरी के आधार पर खरीद रही है।
Refinitiv डेटा से पता चलता है कि Reliance को मई की शुरुआत में रूस के ESPO तेल का पहला पार्सल प्राप्त होने वाला है। यह ग्रेड ज्यादातर चीन को सप्लाई किया जाता है।
अरबपति मुकेश अंबानी की Reliance पश्चिमी भारत के जामनगर परिसर में दो रिफाइनरियों का संचालन करती है। ये दोनों रिफाइनरी प्रतिदिन लगभग 14 लाख बैरल (बीपीडी) तेल को प्रोसेस कर सकती हैं।
(डिस्क्लेमर: नेटवर्क 18 मीडिया एंड इनवेस्टमेंट लिमिटेड पर इंडिपेंडेंट मीडिया ट्रस्ट का मालिकाना हक है। इसकी बेनफिशियरी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।)