Route Mobile का शेयर दो दिन में 20% मजबूत, जानिए किस खबर के बाद आई दमदार रैली
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा था, 28 जून को होने वाली बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग में कंपनी के फुली पेड अप इक्विटी शेयरों के बायबैक के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा
MoneyControl News
अपडेटेड Jun 24, 2022 पर 12:32 PM
रूट मोबाइल का शेयर बाजार में आगाज 21 सितंबर, 2020 को हुआ था। कंपनी ने 350 रुपये प्रति शेयर की दर से IPO के जरिये 600 करोड़ रुपये जुटाए थे
Route Mobile Shares : रूट मोबाइल के शेयरों में शुक्रवार, 24 जून को इंट्राडे में 12 फीसदी की दमदार रैली देखने को मिली और शेयर 1328 रुपये के स्तर पर पहुंच गया। पिछले दो दिन में शेयर लगभग 20 फीसदी मजबूत हो चुका है। दरअसल, कंपनी ने अपने बायबैक प्लान का ऐलान किया है, जिससे शेयर में खरीदारी देखने को मिल रही है।
गुरुवार को इंट्राडे में टेलिकॉम सर्विस प्रोवाइडर कंपनी का शेयर अपने 18 महीने के निचले स्तर 1,052.60 रुपये से 23 फीसदी मजबूत हो गया।
28 जून को होगी बोर्ड मीटिंग
कंपनी ने गुरुवार को एक्सचेंज फाइलिंग में कहा था, सेबी रेगुलेशन, 2015 के तहत सूचित किया जाता है कि 28 जून को होने वाली बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मीटिंग में कंपनी के फुली पेड अप इक्विटी शेयरों के बायबैक के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। कंपनी ने यह भी बताया कि स्टॉक एक्सचेंजेस में आगे कोई सूचना देने तक कंपनी के शेयरों में ट्रेडिंग के लिए विंडो 23 जून, 2022 से बंद रहेगी।
कंपनी एक बयान में कहा, “इनसाइडर ट्रेडिंग से बचने के लिए कंपनी के कोड ऑफ कंडक्ट के तहत स्टॉक एक्सचेंजेस में आगे की सूचना दिए जाने तक 23 जून, 2022 से कंपनी की ट्रेडिंग विंडो बंद रहेगी।”
बायबैक प्लान की क्या है वजह
माना जा रहा है कि शेयर बायबैक की इस योजना (share buyback programme) का उद्देश्य स्टॉक की सप्लाई घटाकर उसकी कीमत में गिरावट को रोकना है। इससे निश्चित रूप से प्राइस टू अर्निंग (पीई) मल्टीपल में सुधार के जरिए शेयर की कीमत में मजबूती आएगी।
शेयर की वैल्यू 52 हफ्ते के हाई से रह गई थी आधी
कंपनी के मार्च, 2022 में समाप्त तिमाही के कमजोर नतीजों के चलते 17 मई से 22 जून के बीच स्टॉकी की कीमत में 27 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। दिसंबर, 2021 के बाद शेयर ने अपना निचला स्तर छू लिया था। रूट मोबाइल के शेयर ने 12 अक्टूबर, 2021 को अपना 2,388 रुपये का 52 हफ्ते का हाई छूआ था और उसके बाद शेयर की कीमत में आधी से कम रह गई थी या शेयर 56 फीसदी टूट गया था।
रूट मोबाइल का शेयर बाजार में आगाज 21 सितंबर, 2020 को हुआ था। कंपनी ने 350 रुपये प्रति शेयर की दर से IPO के जरिये 600 करोड़ रुपये जुटाए थे।
किस बिजनेस से जुड़ी है रूट मोबाइल
Route Mobile एक क्लाउड कम्युनिकेशंस प्लेटफॉर्म सर्विस प्रोवाइडर है। साथ ही एंटरप्राइजेस, ओवर द टॉप (OTT) कंपनियों और मोबाइल नेटवर्क ऑपरेटर्स (एमएनओ) को सेवाएं देती है। कंपनी के पोर्टफोलियो में मेसेजिंग, वॉइस, ईमेल, एसएमएस फिल्टरिंग, एनालिटिक्स और मोनेटाइजेशन से जुड़े सॉल्यूशन शामिल हैं।
एमके ग्लोबल ने दिया 1,630 रुपये का टारगेट
उधर, Emkay Global Financial Services ने 1,630 रुपये के टारगेट के साथ शेयर के लिए ‘खरीद’ की सिफारिश की है। हालांकि, ब्रोकरेज ने पहले के 2,150 रुपये के टारगेट की तुलना में कमी की है। ब्रोकरेज ने अनिश्चितताओं और न्यू एज टेक कंपनियों के बिजनेस में संभावित उतार-चढ़ाव, CPaaS कंपनियों के वैल्यूएशन में गिरावट आदि कारणों से टारगेट घटाया है।