बजाज ऑटो (Bajaj Auto) कंपनी द्वारा जून महीने के लिए दोपहिया वाहनों की बिक्री में कमजोर रहने की सूचना दिये जाने के बाद बजाज ऑटो के शेयरों में आज यानी कि शुक्रवार 1 जुलाई को गिरावट नजर आई। बजाज ऑटो की घरेलू दोपहिया बिक्री जून में सालाना आधार पर 20 प्रतिशत गिरकर 125,083 गाड़ियां रह गई। जबकि एक साल पहले इसी महीने में COVID-19 महामारी की दूसरी लहर का आंशिक असर भी देखने को मिल था।
कुल मिलाकर देखा जाये तो टू-व्हीलर की बिक्री सालाना आधार पर पिछले महीने में केवल 2 प्रतिशत बढ़कर 315,948 गाड़ियां ही रह गई। इसके पीछे की एक वजह ये भी रही कि कंपनी को सेमीकंडक्टर हासिल करने से संबंधित चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
एनालिस्ट्स को उम्मीद थी कि कंपनी जून के लिए लगभग 321,000 गाड़ियों की बिक्री की रिपोर्ट देगी। बाजार में उम्मीद थी कि रबी सीजन की अच्छी फसल के कारण दोपहिया वाहनों की बिक्री में सुधार देखने को मिल सकता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि कमर्शियल गाड़ियों (CV) के कारोबार में मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। घरेलू सीवी की बिक्री सालाना आधार पर 114 प्रतिशत बढ़कर 13,268 गाड़ियां हो गई है।
वहीं निर्यात कारोबार में दोपहिया वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 23 प्रतिशत बढ़कर 190,865 गाड़ियां हो गई। जबकि कमर्शियल गाड़ियों का निर्यात 39 प्रतिशत घटकर 17,788 गाड़ियां रह गया।
कुल मिलाकर जून में घरेलू बिक्री सालाना आधार पर 15 प्रतिशत गिरकर 138,351 गाड़ियां रही। जबकि निर्यात 13 प्रतिशत बढ़कर 208,653 गाड़ियां रहा।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (National Stock Exchange(NSE) में सुबह 10:17 बजे बजाज ऑटो के शेयर 1.7 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,644.95 रुपये पर कारोबार कर रहे थे।
(डिस्क्लेमरः Moneycontrol.com पर दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें। )