आज यानी 27 अप्रैल 2022 को Bajaj Finance के शेयर में सुबह के कारोबार में 5 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। कल कंपनी ने अपने चौथी तिमाही के नतीजे घोषित किए थे जिसके मुताबिक कंपनी का मार्च तिमाही में कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 80 फीसदी बढ़कर 2,420 करोड़ रुपये रहा है, जो किसी भी तिमाही में दर्ज किया गया उसका अब तक का सबसे बड़ा मुनाफा है। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का नेट कंसॉलिडेटेड प्रॉफिट ₹1,346 करोड़ रुपये था।
बजाज फाइनेंस का नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) मार्च तिमाही में 30 फीसदी बढ़कर 6,068 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 4,659 करोड़ रुपये था। कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2021-22 के लिए प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 20 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देने का भी ऐलान किया।
चौथी तिमाही में नए लोन की संख्या 15 फीसदी बढ़कर 62.8 लाख रही है, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 54.7 लाख थी। कंपनी का ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट्स (Gross-NPA) और नेट NPA मार्च तिमाही में क्रमश: 1.60% और 0.68% फीसदी रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में ये क्रमश: 1.79% और 0.75% था।
कंपनी का एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) मार्च तिमाही में 29 फीसदी बढ़कर 1.97 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। इसमें 5,365 करोड़ रुपये की आईपीओ फाइनेंसिंग से मिली राशि भी शामिल है। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी का AUM 1.52 लाख करोड़ रुपये था।
जानिए क्या हैं दिग्गज ब्रोकरेज हाउस की राय
ब्रोकरेज फर्म CLSA ने BAJAJ FINANCE पर 'sell' की रेटिंग दी है और इस स्टॉक का लक्ष्य घटाकर 6,000 रुपये प्रति शेयर तय किया है। ब्रोकरेज हाउस का कहना है कि मुनाफा और आय अनुमान से कम रहा है। हालांकि कोर AUM ग्रोथ अनुमान के मुताबिक रही है।
ब्रोकरेज फर्म Sharekhan ने इस स्टॉक पर buy रेटिंग दी है और इसका लक्ष्य 9,097 रुपये तय किया है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि कंपनी के पास अपने मजबूत क्रॉस-सेल फ्रैंचाइज़ी और मजबूत जोखिम प्रबंधन वाले नए क्रेडिट साइकिल में हाई क्रेडिट ग्रोथ हासिल करने की क्षमता है। जो कंपनी के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।
इसी तरह एक दूसरे ब्रोकरेज फर्म Motilal Oswal ने इस स्टॉक पर अपनी Buy की कॉल को बरकरार रखा है और इसके लिए 8,350 रुपये का टारगेट दिया है।
9:17 बजे के आसपास बीएसई पर BAJAJ FINANCE का शेयर 303.05 रुपये यानी 4.19 फीसदी की गिरावट के साथ 6,937.65 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा है। स्टॉक का आज का डे हाई 7,100.00 रुपये पर है जबकि इसका डे लो 6,867.00 रुपये पर है। स्टॉक का 52 वीक हाई 8,050.00 रुपये पर है जबकि इसका 52 वीक लो 4,690.00 रुपये पर है। कंपनी का वर्तमान वॉल्यूम 1,297,185 है। जबकि कंपनी का वर्तमान मार्केट कैप 418,675 करोड़ रुपये है।
(डिस्क्लेमर : मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सार्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।)