दिग्गज आईटी कंपनी टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) ने आज अपने तिमाही नतीजे जारी कर दिये हैं। तिमाही आधार पर कंपनी का वित्त वर्ष 2022 की चौथी तिमाही में मुनाफा 10 प्रतिशत बढ़कर 1506 करोड़ रुपये रहा। जबकि विश्लेषकों ने चौथी तिमाही के लिए कंपनी का मुनाफा 1411 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया था।
तिमाही आधार पर वित्त वर्ष 2022 की चौथी तिमाही में कंपनी की ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड आय 5.8 प्रतिशत बढ़कर 12116 करोड़ रुपये रही। जबकि विश्लेषकों ने चौथी तिमाही के लिए कंपनी की आय 12,075 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया था।
कंपनी के बोर्ड ने 31 मार्च 2022 को समाप्त वित्तीय वर्ष के लिए प्रति शेयर 15 रुपये के फाइनल डिविडेंड की भी सिफारिश की है।
टेक महिंद्रा के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सीपी गुरनानी (CP Gurnani, managing director and chief executive officer) ने एक प्रेस स्टेटमेंट में कहा, "हमारा बेहतर ग्रोथ परफॉर्मेंस हमारी ह्यूमन-सेंटर्ड अनुभवों की शक्ति, नई चीजों पर मजबूत फोकस और मजबूत ग्राहक और भागीदार इकोसिस्टम बनाने की हमारी क्षमता को दर्शाता है।"
वहीं बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेस और इंश्योरेंस सेगमेंट में तिमाही आधार पर बिक्री बढ़कर 17.4 प्रतिशत रही जो कि पिछली तिमाही में 15.4 प्रतिशत रही थी। इन तीनों सेगमेंट्स का कंपनी की आय में बड़ा योगदान रहा।
इसी दौरान कंपनी के सबसे अहम माने जाने वाले सेक्टर्स कम्यूनिकेशन और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर्स की आय में तिमाही आधार पर गिरावट देखने को मिली।
वित्त वर्ष 2022 की चौथी तिमाही में कंपनी का EBIT 1604.2 करोड़ रुपये रहा जबकि विश्लेषकों ने इसके 1,719 करोड़ रुपये रहने का अनुमान लगाया था। वहीं पिछली तिमाही में कंपनी का EBIT 1,697.9 करोड़ रुपये रहा था। इसका मतलब इस तिमाही में कंपनी के EBIT में गिरावट देखने को मिली।
वित्त वर्ष 2022 की चौथी तिमाही में कंपनी की EBIT मार्जिन 13.2% रही जबकि विश्लेषकों ने इसके 14.2% रहने का अनुमान लगाया था। वहीं पिछली तिमाही में कंपनी की EBIT मार्जिन 14.8% रही थी। यानी कि इस तिमाही में कंपनी के EBIT मार्जिन में भी गिरावट देखने को मिली।
मार्च को समाप्त तिमाही के लिए मजबूत डिमांड के चलते टेक महिंद्रा ने 1 अरब डॉलर से अधिक की नई डील प्राप्त की है।
टेक महिंद्रा ने 2021-22 में 3.3 अरब डॉलर की नई डील्स की है, जिसमें से लगभग एक तिहाई कीमत की डील वित्तीय वर्ष की अंतिम तिमाही में हासिल हुई।
कंपनी के एमडी गुरनानी ने कहा कि डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन को कायम रखने और नए जमाने की टेक्नोलॉजी में निवेश के प्रति टेक महिंद्रा की प्रतिबद्धता के परिणामस्वरूप पिछले 7 वर्षों में कंपनी ने बड़ी डील्स हासिल की है।