HUL annual report: कमाई बढ़ाने के लिए प्रोडक्ट्स की कीमतों में बढ़ोतरी, बिक्री में सुस्ती, सुस्त ग्रामीण रिकवरी और नए बॉस की नियुक्ति के खबरों के बीच हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड (एचयूएल) के लिए वित्त वर्ष 2023 वास्तव में काफी एक्शन पैक रहा है। COVID-19 की चपेट में आने के बाद अर्थव्यवस्था अब सामान्य स्कर पर लौट आई है। इस दौरान पिछले एक साल में एचयूएल में बहुत हुआ। कंपनी ने वित्त वर्ष 2023 के एनुअल रिपोर्ट में साल भर की घटनाओं का लेखा-जोखा दिया है।
एचयूएल की वार्षिक रिपोर्ट में निवर्तमान मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजीव मेहता ने कहा है कि महामारी के कुछ वर्षों के बाद आर्थिक गतिविधियां सामान्य स्तर पर आ गई हैं। लेकिन बढ़ती महंगाई के इस दौर में उपभोक्ता गैर जरूरी उपभोक्ता वस्तुओं (discretionary spends) पर जरूरी उपभोक्ता वस्तुओं (essentials)को प्राथमिकता दे रहे हैं। साथ ही, डिजिटलीकरण और टिकाऊपन (sustainability) जैसे ट्रेंड उपभोक्ताओं द्वारा लिए जाने वाले खरीद निर्णयों में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
आइए देखते हैं फास्ट मूविंग कंज्यूमर गुड्स बनाने वाली भारत की सबसे बड़ी कंपनी HUL की वित्त वर्ष 2023 वार्षिक रिपोर्ट में क्या है खास
1,000 करोड़ रुपये का क्लब : एचयूएल के पास अब 19 ब्रांड हैं, जिनका सालाना कारोबार 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का हो गया है। वित्त वर्ष 2022 में इस क्लब में 16 सदस्य थे। कंपनी ने बताया है कि सर्फ एक्सेल (Surf Excel) वित्त वर्ष 2023 में 1 अरब डॉलर से अधिक वार्षिक बिक्री करने वाला भारत का पहला होम और पर्सनल केयर ब्रांड बन गया है।
एचयूएल का होम केयर लिक्विड पोर्टफोलियो का सालाना कारोबार 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा रहा है। इस पोर्टफोलियो में फैब्रिक कंडीशनर, लिक्विड डिटर्जेंट और डिशवॉशर शामिल हैं । इसके साथ ही लक्स एंड पॉन्ड्स 2000 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो गये हैं।
टॉप मैनेजमेंट की सैलरी: जून में कंपनी से निवृत्त होने वाले संजीव मेहता ने वित्त वर्ष 2023 में अपने एनुअल वेतन के रूप में 22.36 करोड़ रुपये लिए। इनके वेतन में पिछले वर्ष की तुलना में कोई खास बढ़त देखने को नहीं मिली। वित्त वर्ष 2022 में मेहता को 22.07 करोड़ रुपये मिले थे। वित्त वर्ष 2021 में उनके वेतन में 47 फीसदी की बढ़त हुई थी। एचयूएल के सीईओ के रूप में मेहता की जगह लेने वाले रोहित जवा वित्त वर्ष 2024 में 21.43 करोड़ रुपये वेतन लेंगे।
लैंगिक विविधता और लैंगिक समावेश (Gender diversity and inclusivity): वित्त वर्ष 2023 कंपनी में महिला कर्मचारियों की संख्या 40 फीसदी रही। कंपनी का लक्ष्य 2026 तक सेल्स आउटर कोर में 10000 महिलाओं को नियुक्त करने और 2025 तक 1500 महिलाओं को शॉप फ्लोर पर नियुक्त करने की है। आज तक कंपनी ने ग्रामीण भारत में 190000 से ज्यादा महिलाओं को शक्ति प्रोजेक्ट के तहत उद्यमी बनने में मदद की है। बता दें कि 'शक्ति' एचयूएल की महिला सशक्तिकरण योजना का नाम है। इस वार्षिक रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि 2025 तक एचयूएल के कार्यबल का पांच फीसदी विकलांग लोगों को शामिल करने का लक्ष्य है।
पर्यावरण, सामाजिक और गवर्नेंस (ESG) के काम: एचयूएल ने 2022 में 100000 टन से ज्यादा प्लास्टिक कचरे को एकत्र और प्रोसेस किया है। कंपनी ने कहा है कि उसने 69 फीसदी चाय और 82 फीसी टमाटर पर्यावरण के अनुकूल स्रोतों से लिए हैं। कंपनी के चेयरमैन नितिन परांजपे का कहना है कि कंपनी अपनी उत्पादन प्रक्रिया को डीकार्बोनाइज कर रही है। 2008 के बेसलाइन की तुलना में कंपनी की उत्पादन गतिविधियों के दौरान प्रति टन उत्पादन में सीओ2 उत्सर्जन में 97 फीसदी की कमी आई है।
प्रीमियम प्रोडक्ट्स पर फोकस (Premiumisation): वॉल्यूम ग्रोथ सुस्त बनी हुई है ऐसे में कंपनी अपने टॉपलाइन को बढ़ाने के लिए प्रीमियमाइजेशन पर फोकस कर रही है। डिटर्जेंट बार से लेकर पाउडर और लिक्विड से लेकर पॉड तक, एचयूएल आक्रामक तरीके से इस रणनीति पर काम कर रही है।