ICICI Bank Q3 Results: निजी सेक्टर के दिग्गज बैंक ICICI Bank के लिए दिसंबर तिमाही शानदार रही। बैंक का मुनाफा सालाना आधार पर करीब 24 फीसदी बढ़ गई। बैंक ने आज नतीजे जारी किए और एक्सचेंज फाइलिंग में किए गए खुलासे के मुताबिक बैंक का नेट प्रॉफिट बाजार के अनुमानों के हिसाब से है। दिसंबर 2023 तिमाही में बैंक को सालाना आधार पर 23.5 फीसदी अधिक 10,271.54 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हासिल हुआ और मार्केट को भी अनुमान था कि इसे 9,946 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हो सकता है। बैंक की एसेट क्वालिटी भी सुधरी है और NPA में गिरावट आई है।
ICICI Bank Q3 Results की खास बातें
आईसीआईसीआई बैंक को दिसंबर तिमाही में 10,271.54 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हासिल हुआ जो सालाना आधार पर 24 फीसदी अधिक रहा। इस दौरान बैंक का नेट इंटेरेस्ट इनकम (NII) भी 34.6 फीसदी बढ़कर 16465 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। नेट इंटेरेस्ट मार्जिन (NIM) भी सालाना आधार पर 3.96 फीसदी से बढ़ाकर 4.65 फीसदी पर पहुंच गया। बैंक की टोटल एडेकेसी रेश्यो दिसंबर तिमाही में 16.70 फीसदी पर रही और कॉमन इक्विटी टियर-1 रेश्यो 16.03 फीसदी पर रही जबकि कैपिटल एडेकेसी के लिए न्यूनतम नियामकीय जरूरतें 11.70 फीसदी और CET-1 के लिए यह न्यूनतम लिमिट 8.20 फीसदी है।
वहीं बैंक का ग्रॉस नॉन-परफॉरमिंग एसेट (NPA) 3.07 फीसदी से गिरकर 2.30 फीसदी पर आ गया। वहीं नेट एनपीए भी सुधरकर 0.55 फीसदी से सुधरकर 0.44 फीसदी पर आ गया। बैंक ने दिसंबर तिमाही में 1389 करोड़ रुपये के ग्रॉस एनपीए को राइट ऑफ किया और NPA पर प्रोविजनिंग कवरेज रेश्यो 80.7 फीसदी रहा।
ICICI Bank के शेयरों की कैसी है स्थिति
आईसीआईसीआई बैंक के शेयर आज कमजोर मार्केट सेंटिमेंट में भी 0.92 फीसदी उछलकर 1008.30 रुपये पर बंद हुए हैं। पिछले एक साल में शेयरों के चाल की बात करें तो 30 जनवरी 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 796.10 रुपये पर था। इसके बाद 11 महीने में यह करीब 31 फीसदी उछलकर 1,042.65 रुपये पर पहुंच गया।