ICICI Bank Q4 Result: निजी सेक्टर के आईसीआईसीआई बैंक को मार्च 2024 तिमाही में 10,707 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हासिल हुआ जो सालाना आधार पर 17 फीसदी रहा। बैंक को बाजार के अनुमान के मुताबिक ही मुनाफा हुआ क्योंकि इसने 10331 करोड़ रुपये के मुनाफे का अनुमान लगाया था। इसके अलावा आईसीआईसीआई बैंक ने हर शेयर पर 10 रुपये के डिविडेंड का भी ऐलान किया है। शेयरों की बात करें तो नतीजे के एक दिन पहले शुक्रवार 26 अप्रैल को BSE पर यह 0.53 फीसदी की गिरावट के सात 1107.15 रुपये के भाव पर बंद हुआ था।
ICICI Bank Q4 Results की खास बातें
आईसीआईसीआई बैंक को मार्च 2024 तिमाही में सालाना आधार पर 17 फीसदी अधिक मुनाफा हासिल हुआ और यह 10707.53 करोड़ रुपये पर रहा। ब्याज से इसे 19,093 करोड़ रुपये की शुद्ध आय हुई जो सालाना आधार पर 8 फीसदी अधिक है। नेट इंटेरेस्ट मार्जिन 4.90 फीसदी से फिसलकर 4.40 फीसदी पर आ गया। एसेट क्वालिटी की बात करें को बैंक का ग्रॉस एनपीए 2.81 फीसदी से फिसलकर 2.16 फीसदी पर आ गया। नेट एनपीए भी 0.48 फीसदी से फिसलकर 0.42 फीसदी पर आ गया।
पूरे वित्त वर्ष कैसी रही कारोबारी स्थिति
आईसीआईसीआई बैंक का शुद्ध मुनाफा मार्च तिमाही में सालाना आधार पर 17 फीसदी बढ़ गया। अब अगर पूरे वित्त वर्ष 2023-24 की बात करें तो बैंक का मुनाफा 28 फीसदी बढ़कर 40,888.27 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वित्त वर्ष 2024 में ब्याज से इसे 74,306 करोड़ रुपये की शुद्ध इनकम हुई जो 19.6 फीसदी अधिक रहा।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल
आईसीआईसीआई बैंक के शेयर पिछले साल 26 अक्टूबर 2023 को एक साल के निचले स्तर 898.85 रुपये पर थे। इस लेवल से 6 महीने में यह 25 फीसदी उछलकर 25 अप्रैल 2024 को 1125 रुपये पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई है। इस हाई से फिलहाल यह डेढ़ फीसदी से अधिक डाउनसाइड है।