ICICI Prudential एसेट मैनेजमेंट कंपनी (AMC) के शेयरों में आगे 22% तक की तेजी दिख सकती है। ऐसी उम्मीद मोतीलाल ओसवाल के टारगेट प्राइस से मिली है। ब्रोकरेज ने शेयर के लिए 'बाय' रेटिंग के साथ कवरेज शुरू किया है। एक साल का टारगेट प्राइस ₹3500 प्रति शेयर रखा है। यह शेयर के BSE पर मौजूदा भाव से 22% ज्यादा है। ICICI Prudential AMC भारत की दूसरी सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी है। यह एक्टिव म्यूचुअल फंड क्वार्टरली एवरेज एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (QAAUM) में 13.5% मार्केट शेयर के साथ लीडर है। दिसंबर 2025 तक इसका म्यूचुअल फंड QAAUM ₹9.1 लाख करोड़ था।
कंपनी की शुरुआत 1998 में हुई थी। यह दिसंबर 2025 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई। इसका ₹10,602.65 करोड़ का IPO 39.17 गुना भरा था। कंपनी में ICICI Bank के पास 53% और प्रूडेंशियल कॉरपोरेशन होल्डिंग्स के पास 35% हिस्सेदारी है।
ICICI Prudential AMC के लिए ब्रोकरेज के तर्क
ब्रोकरेज का मानना है कि ICICI Prudential AMC भारत के म्यूचुअल फंड उद्योग के संरचनात्मक विस्तार से फायदा उठाने के लिए अच्छी स्थिति में है। एक्टिव QAAUM के हिसाब से सबसे बड़ी AMC होने के नाते इसे म्यूचुअल फंड QAAUM में अपेक्षित वृद्धि से फायदा होने की उम्मीद है। QAAUM के FY26–28E के दौरान 17% CAGR (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ने का अनुमान है। कंपनी ने फंड के प्रदर्शन में लगातार बेहतर नतीजे दिए हैं। यील्ड अपनी कैटेगरी में सबसे अच्छे बने हुए हैं।
मोतीलाल ओसवाल को उम्मीद है कि FY26-28 के दौरान ICICI Prudential AMC का रेवेन्यू 15% CAGR से बढ़ेगा। इसके मुख्य कारण हैं- इक्विटी और SIP में लगातार आने वाला निवेश, ज्यादा रिटर्न देने वाले नॉन-म्यूचुअल फंड प्रोडक्ट्स की ओर बढ़ता रुझान, और ऑपरेटिंग लेवरेज। इस बीच EBITDA मार्जिन 70% से ऊपर बना रहेगा। शुद्ध मुनाफा 16% CAGR से बढ़ेगा।
शेयर 3 महीनों में 9% मजबूत
ICICI Prudential AMC के शेयर की कीमत वर्तमान में BSE पर ₹2868.95 है। कंपनी का मार्केट कैप ₹1.42 लाख करोड़ के करीब है। शेयर 3 महीनों में 9% चढ़ा है। इसने लिस्टिंग के बाद से BSE पर अभी तक ₹3192 का रिकॉर्ड हाई और ₹2528.90 का रिकॉर्ड लो देखा है। ICICI Prudential AMC का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 45% बढ़कर ₹917 करोड़ हो गया। एक साल पहले मुनाफा ₹632 करोड़ था। ऑपरेशंस से रेवेन्यू 23.5% की बढ़ोतरी के साथ ₹1514.67 करोड़ दर्ज किया गया। दिसंबर 2024 तिमाही में रेवेन्यू ₹1226.66 करोड़ रहा था। वित्त वर्ष 2025 के दौरान ICICI Prudential AMC का रेवेन्यू 32% बढ़ा। इस बीच शुद्ध मुनाफे में 29% का इजाफा हुआ।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।