आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस के शेयरों को 15 अप्रैल को पंख लग गए। शेयर की कीमत 7 फीसदी चढ़कर चार हफ्तों के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई। हालांकि, बाद में तेजी कम हो गई। शेयरों में तेजी की वजह कंपनी के मार्च तिमाही के नतीजे हैं। मार्च तिमाही में कंपनी का प्रॉफिट 58 फीसदी बढ़ा। इसमें पॉलिसी की बिक्री और रिन्यूअल इनकम में इजाफा है।
जीएसटी हटने से लाइफ इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स की बिक्री बढ़ी
ICICI Prudential Life Insurance का शेयर 1 बजे 3.09 फीसदी चढ़कर 563.35 रुपये पर चल रहा था। लाइफ इंश्योरेंस इंडस्ट्री को जीएसटी में छूट का फायदा मिला है। हालांकि, मार्केट में उतार-चढ़ाव की वजह से मार्केट-लिंक्ड प्रोडक्ट्स की डिमांड कमजोर है। जीएसटी हटने से लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी का प्रीमियम घटा है। इससे लाइफ इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स में लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है। एनालिस्ट्स का कहना है कि खासकर प्रोटेक्शन और टर्म सेगमेंट की डिमांड बढ़ी है।
गोल्डमैन सैक्स ने नए बिजनेस की वैल्यू का अनुमान बढ़ाया
आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल की एनुअलाइज्ड प्रीमियम इक्विवेलेंट्स सेल्स 31 मार्च को खत्म तिमाही में 9.4 फीसदी ज्यादा रही। गोल्डमैन सैक्स ने FY2027 और FY2028 के लिए कंपनी के नए बिजनेस की वैल्यू का अनुमान 2 फीसदी तक बढ़ा दिया है। इसकी वजह प्रोडक्ट मिक्स और मार्जिन में इम्प्रूवमेंट है। हालांकि, ब्रोकरेज फर्म ने आईसीआईसीआई प्रू लाइफ के शेयर के टारगेट प्राइस को 600 रुपये पर बनाए रखा है।
आईसीआईसीआई प्रू लाइफ का शेयर इस साल 16 फीसदी गिरा
ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने कहा है कि आईसीआईसीआई प्रू लाइफ की लंबी अवधि के मुनाफे को हायर वॉल्यूम और टैक्स में कमी से सपोर्ट मिलेगा। उसने मार्जिन में भी इम्प्रूवमेंट का अनुमान जताया है। ब्रोकरेज फर्म ने अपनी रिपोर्ट में कहा है, "कंपनी का फोकस प्रोडक्ट मिक्स पर है। वह रिटेल प्रोटेक्शन कंट्रिब्यूशन भी बढ़ा रही है। इससे साल दर साल आधार पर वीएनबी मार्जिन में इजाफा दिखा है। हालांकि, जीएसटी एग्जेम्प्शन से इनपुट टैक्स क्रेडिट का लॉस हुआ है।" आईसीआईसीआई प्रू लाइफ का शेयर इस साल 16 फीसदी से ज्यादा गिरा है।
शेयर बाजार में 15 अप्रैल को शानदार तेजी
शेयर बाजार में 15 अप्रैल को बड़ी तेजी दिखी। 1:24 बजे निफ्टी 1.50 फीसदी यानी 357 अंक चढ़कर 24,199 अंक पर चल रहा था। सेंसेक्स 1.49 फीसदी की तेजी यानी 1143 प्वाइंट्स चढ़कर 77,995 प्वाइंट्स पर चल रहा था। बैंक निफ्टी में भी 1.21 फीसदी का उछाल दिखा। इसकी वजह अमेरिका और ईरान में फिर से बातचीत शुरू होने की उम्मीद है। पिछले हफ्ते पाकिस्तान में हुई दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत बेनतीजा रही थी।