फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस (F&O) और दूसरे जोखिम भरे उत्पादों में छोटे निवेशकों की बढ़ती भागीदारी चिंता का विषय है। सेबी के फुलटाइम मेंबर अश्वनी भाटिया ने मंगलवार 22 अक्टूबर को मुंबई में आयोजित मॉर्निंगस्टार के इनवेस्टर कॉन्फ्रेंस में ये बातें कहीं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत का दुनिया में सबसे बड़ा F&O वॉल्यूम देश होना "एक ऐसा ताज है जिसे हम पहनना नहीं चाहेंगे।" अश्वनी भाटिया ने कहा, "F&O ट्रेडिंग राष्ट्रीय टाइम पास नहीं हो सकता और न ही होना चाहिए, क्योंकि इससे रिटेल निवेशकों की बचत बड़े इंस्टीट्यूशनल बैंकों की जेब में चली जाती है।" उन्होंने कहा कि आंकड़ों के मुताबिक, पिछले तीन सालों में 93% निवेशकों को नुकसान हुआ है, और केवल 1% निवेशक 99% लाभ कमा रहे हैं। इसलिए रिटेल निवेशकों के लिए संभावनाएं बहुत खराब हैं और उन्हें सतर्क रहने की जरूरत है।
