इंग्लैंड में अगस्त की महंगाई की दर घटकर 6.7 फीसदी पर आ गई है। महंगाई का ये आंकड़ा उम्मीद से भी बेहतर रहा है। अगस्त महीने में खाने-पीने की चीजों के भाव घटने से बड़ी राहत मिली है। इंग्लैंड में महंगाई के उम्मीद से भी कम रहने के चलते गुरुवार को बैंक ऑफ इंग्लैंड की तरफ से ब्याज दरों में बढ़त पर विराम लगने की उम्मीद बढ़ गई है। महीने दर महीने के आधार पर अगस्त में इंग्लैंड की रिटेल महंगाई दर (CPI) में 0.3 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है।
रायटर्स की तरफ से अर्थशास्त्रियों के बीच करवाए गए एक पोल से निकलकर आया था कि अगस्त में इंग्लैंड की रिटेल महंगाई दर ईंधन के भाव में बढ़त के चलते 7 फीसदी पर रह सकती है। वहीं, महीने दर महीने आधार पर इसमें 0.7 फीसदी की बढ़त हो सकती है। बता दें कि जुलाई में यहां रिटेल महंगाई सालाना आधार पर 6.8 फीसदी बढ़ी थी। वहीं महीने दर महीने के आधार पर इसमें 0.4 फीसदी की गिरावट देखने को मिली थी।
खाने-पीने की चीजों की कीमतों में आई गिरावट से मिला सपोर्ट
इंग्लैंड के नेशनल स्टेटिसटिक्स ऑफिस ने कहा है कि अगस्त में CPIH और CPI दोनों की एनुअल रेट में गिरावट की सबसे बड़ी वजह खाने-पीने की चीजों की कीमतों में आई गिरावट रही है। खाने-पीने की चीजों की कीमत में अगस्त में पिछले साल की तुलना में काफी कम बढ़त हुई है। इसी तरह एकोमोडेशन सर्विसेज की कीमतों में भी अगस्त में कमी देखने को मिली है। जिसके चलते ओवरऑल महंगाई घटी है। वहीं, मोटर फ्यूल की कीमतों में बढ़त का अगस्त की महंगाई में सबसे बड़ा योगदान रहा है।
कोर महंगाई 6.9 फीसदी से घटकर 6.2 फीसदी पर आई
इंग्लैंड के नेशनल स्टेटिसटिक्स ऑफिस द्वारा जारी आंकड़ों से पता चलता है कि अगस्त में देश की कोर महंगाई 6.2 फीसदी पर रही है जो जुलाई में 6.9 फीसदी पर रही थी। बतातें चलें की कोर महंगाई में वोलेटाइल फूड, एनर्जी, अल्कोहल और टोबैको की कीमतें शामिल नहीं होती। अगस्त में वस्तुओं की महंगाई दर 6.1 फीसदी से बढ़कर 6.3 फीसदी पर रही है। जबकि सर्विसेज की महंगाई दर 7.4 फीसदी से घटकर 6.8 फीसदी पर रही है।
बैंक ऑफ इंग्लैंड की तरफ से दरों में अभी एक और बढ़त की उम्मीद
बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप्स सेंटर फॉर ग्रोथ के निदेशक राउल रूपारेल का कहना है कि कोर महंगाई में इस अप्रत्याशित गिरावट का नीति निर्माताओं की तरफ से स्वागत किया जाएगा। इससे संकेत मिलता है कि उपभोक्ताओं के लिए खुदरा कीमतें कम होने लगी हैं। राउल रूपारेल का मानना है कि बैंक ऑफ इंग्लैंड अभी भी कल अपनी दरें बढ़ाएगा। लेकिन महंगाई के इन आंकड़ों से उन लोगों को प्रोत्साहन मिलेगा जो मानते हैं कल बैंक ऑफ इंग्लैंड दरों में बढ़त तो करेगा। लेकिन इसके बाद दरों में और बढ़त नहीं होगी।
बैंक ऑफ इंग्लैंड गुरुवार को मौद्रिक नीति का करेगा ऐलान
बता दें कि बैंक ऑफ इंग्लैंड गुरुवार को अपनी अगले मौद्रिक नीति का ऐलान करेगा। बैंक ऑफ इंग्लैंड का लक्ष्य महंगाई को 2 फीसदी के दायरे में वापस लाने का है। बाजार में आमधारणा है कि बैंक ऑफ इंग्लैंड कल अपनी नीति दरों में 25 बेसिस प्वाइंट की और बढ़ोतरी करेगा और अपनी दर को बढ़ाकर 5.5 फीसदी तक ले जाएगा जो दिसंबर 2007 के बाद का इसका उच्चतम स्तर है।