Inox Wind Stock Price: रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर की कंपनी आइनॉक्स विंड लिमिटेड का शेयर 23 सितंबर को शुरुआती कारोबार में 3 प्रतिशत उछला और 52 सप्ताह का नया हाई क्रिएट हुआ। कंपनी ने ICICI Bank की अगुवाई में 10 बैंकों के समूह के साथ एक कंसोर्शियम एग्रीमेंट किया है। इस एग्रीमेंट के तहत करीब 2,200 करोड़ रुपये की बैंकिंग फैसिलिटी हासिल की जाएंगी। इन सुविधाओं में मुख्य रूप से बैंक गारंटी और लेटर ऑफ क्रेडिट जैसी नॉन-फंड बेस्ड लिमिट्स शामिल हैं। इन सुविधाओं को InoxGFL समूह की कंपनी गुजरात फ्लोरोकेमिकल्स लिमिटेड की ओर से किसी भी कॉरपोरेट गारंटी या सपोर्ट के बिना मंजूरी दी गई है। यह जानकारी कंपनी ने स्टॉक एक्सचेंज को दी।
Inox Wind का शेयर सुबह बीएसई पर बढ़त के साथ 260 रुपये पर खुला। तुरंत ही पिछले बंद भाव से 3 प्रतिशत चढ़ा और 262.10 रुपये के हाई तक गया। यह शेयर का 52 सप्ताह का नया उच्च स्तर है। कारोबार बंद होने पर शेयर लगभग फ्लैट रहकर लेकिन लाल निशान में 253.50 रुपये पर सेटल हुआ। पिछले एक साल में शेयर की कीमत 428 प्रतिशत बढ़ी है। केवल 6 महीने में पैसा डबल हो गया है।
बैंक लिमिट बढ़कर 2,400 करोड़ होने की उम्मीद
एक्सचेंज फाइलिंग में Inox Wind ने कहा कि आईसीआईसीआई बैंक की ओर से किए गए वर्किंग कैपिटल असेसमेंट के आधार पर बैंक लिमिट बढ़कर 2,400 करोड़ रुपये होने की उम्मीद है। गुजरात फ्लोरोकेमिकल्स द्वारा आइनॉक्स विंड को दी गईं पिछली सभी कॉरपोरेट गारंटी निकट भविष्य में रद्द कर दी जाएंगी। बयान के अनुसार, हाल ही में पैसे जुटाने की गतिविधियों और ऑपरेशंस में सुधारों के बाद आइनॉक्स विंड की बैलेंस शीट नेट कैश पॉजिटिव हो गई है।
InoxGFL ग्रुप के CFO अखिल जिंदल ने कहा कि इससे आकस्मिक देनदारियों में भारी कमी आएगी, जिससे गुजरात फ्लोरोकेमिकल्स की बैलेंस शीट और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि समूह की कंपनियों के पास अब मजबूत ऑपरेशनल परफॉरमेंस के साथ बहुत मजबूत बैलेंस शीट है, और वे रिन्यूएबल एनर्जी और केमिकल्स जैसे सेक्टर्स में नेतृत्व करने के लिए अच्छी स्थिति में हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।