भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन तेजी के साथ बंद हुए। इसके साथ ही शेयर बाजार के निवेशकों की संपत्ति इन दिनों नौ लाख करोड़ रुपये से अधिक बढ़ गई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स शुक्रवार को 712.46 अंक (1.25%) उछलकर 57,570.25 अंक पर बंद हुआ। यह इसके पिछले तीन महीनों का सबसे उच्चतम स्तर है।
पिछले तीन दिनों में सेंसेक्स 2,301.76 अंक यानी 4.16 प्रतिशत बढ़ा है। शेयर बाजार में पिछले तीन दिनों में आई इस तेजी से बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइेशन 9,03,574.58 करोड़ रुपये बढ़कर 2,66,58,604.02 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के रिटेल रिसर्च हेड सिद्धार्थ खेमका ने कहा, "कंपनियों के जून तिमाही के बेहतर नतीजों और ग्लोबल शेयर बाजारों में मजबूती के संकेत के बीच घरेलू शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी जारी रही।"
एनालिस्ट्स का कहना है कि कमोडिटी की कीमतों में आई नरमी, विदेशी निवेशकों (FII) की तरफ से बिकवाली थमने और कई कंपनियों के नतीजे अनुमान से बेहतर रहने के चलते शेयर बाजार में तेजी का माहौल बना है। रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च), अजित मिश्रा ने बताया, "शेयर बाजार में आज एक और कारोबारी दिन मजबूती रही और यह करीब 1 फीसदी से अधिक चढ़कर बंद हुआ।"
अगर हम जून के लो से अब तक आई तेजी पर नजर डालें तो इस अवधि में निवेशकों की संपत्ति में 32 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। गौरतलब है कि 20 जून 2022 को बीएसई का मार्केट कैप 234.86 लाख करोड़ रुपये पर रहा था, जो अब बढ़कर करीब 266.59 लाख करोड़ पर पहुंच गया है।
आज के कारोबार में कुल 214 शेयरों में अपरसर्किट लगता नजर आया जबकि 136 स्टॉक में लोअर सर्किट लगा। आज 116 स्टॉक अपना 52 वीक हाई छूते नजर आए जबकि 20 स्टॉक अपने 52 वीक लो हिट करते दिखे। जुलाई महीने के 20 कारोबारी सत्रों में से 7 कारोबारी सत्रों में एफआईआई नेट बायर रहे हैं। पिछले 10 महीने में ऐसा पहली बार हुआ है। इससे बाजार सेटिमेंट को बूस्ट मिला है।