IRB इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स लिमिटेड के शेयरों में 30 मार्च को दिन में 11 प्रतिशत तक की तेजी दिखी। BSE पर शेयर 22.70 रुपये के हाई तक गया। बाद में 8 प्रतिशत बढ़त के साथ 22.11 रुपये पर सेटल हुआ। दरअसल कंपनी अपने शेयरहोल्डर्स को उनके पास मौजूद हर एक शेयर पर एक नया शेयर बोनस के तौर पर दे रही है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 1 अप्रैल है। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे बोनस शेयर पाने के हकदार होंगे।
लिहाजा आज 30 मार्च को बोनस इश्यू के लिए एक्स-डेट है। अगर कोई एक्स-डेट पर या उसके बाद शेयर खरीदता है, तो वह प्रस्तावित कॉरपोरेट एक्शन के लिए पात्र नहीं माना जाएगा। यह शेयर, बोनस शेयरों के लिए एडजस्ट होने के बाद ट्रेड कर रहा है। एडजस्टमेंट के बाद शेयर की कीमत 47 प्रतिशत तक कम दिख रही है। BSE पर पिछला क्लोजिंग प्राइस भी एडजस्ट होकर 50 प्रतिशत कम हो गया है। इसके बाद सामने आए नए क्लोजिंग प्राइस से शेयर 8 प्रतिशत चढ़ा है। IRB इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स के शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है।
हाल ही में दिया है डिविडेंड
IRB Infrastructure Developers ने बोनस इश्यू की घोषणा फरवरी महीने में की थी। हाल ही में कंपनी ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 0.07 रुपये प्रति शेयर का तीसरा अंतरिम डिविडेंड दिया है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 19 फरवरी 2026 थी। कंपनी ने कहा था कि डिविडेंड का पेमेंट 14 मार्च को या उससे पहले कर दिया जाएगा। कंपनी का मार्केट कैप 26700 करोड़ रुपये है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 27.19 रुपये और एडजस्टेड लो 18.50 रुपये है। कंपनी फरवरी 2008 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी।
दिसंबर तिमाही में मुनाफा 96 प्रतिशत गिरा
IRB इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपर्स का अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 96.5 प्रतिशत कम होकर 210.79 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले मुनाफा 6026.10 करोड़ रुपये था। हालांकि प्रॉफिट आफ्टर टैक्स बिफोर एक्सेप्शनल आइटम 14 प्रतिशत बढ़कर 253 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले यह 222 करोड़ रुपये था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू एक साल पहले से 7.6 प्रतिशत गिरकर 1871.16 करोड़ रुपये रह गया। दिसंबर 2024 तिमाही में यह 2025.44 करोड़ रुपये था। खर्च घटकर 1574.55 करोड़ रुपये के रहे। दिसंबर 2024 तिमाही में खर्च 1767.68 करोड़ रुपये के थे।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।