IRFC Share Price: ₹4200 करोड़ की डील पर संभला शेयर, एक साल के निचले स्तर से रिकवरी

IRFC Share Price: कुछ समय पहले आईआरएफसी के शेयरों की मांग ₹200 से ऊपर भी मजबूत थी लेकिन अब ₹100 के नीचे यह ऐसा टूट रहा कि धड़ाधड़ एक साल के निचले स्तर पर आता जा रहा। आज यह फिर एक साल के नए निचले स्तर पर आया, जिससे ₹4200 करोड़ की डील पर इसने रिकवरी की कोशिश तो की है। जानिए इस डील के बारे में और चेक करें चार्ट पर क्या है शेयरों की स्थिति

अपडेटेड Sep 29, 2026 पर 12:06 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
फिलहाल IRFC के शेयर अहम मूविंग एवरेजज के नीचे हैं।

IRFC Share Price: घरेलू स्टॉक मार्केट में मचे हाहाकार के बीच आईआरएफसी के शेयर भी धड़ाम हो गए और टूटकर एक साल के नए निचले स्तर पर आ गए। हालांकि ₹4200 करोड़ की डील के दम पर इसने वापसी की और शेयर ग्रीन होने में सफल रहा। फिलहाल बीएसई पर यह 0.32% की बढ़त के साथ ₹78.80 पर है। इंट्रा-डे में यह 1.86% टूटकर ₹77.10 तक आया था, जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से यह 2.40% उछलकर ₹78.95 तक पहुंच गया।

₹4200 करोड़ की कैसी डील की है IRFC ने

इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉर्पोरेशन (IRFC) ने दामोदर वैली कॉर्पोरेशन (DVC) के साथ ₹4,200 करोड़ का टर्म लोन एग्रीमेंट किया है। इस पैसे का इस्तेमाल झारखंड और पश्चिम बंगाल में रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स के लिए किया जाएगा। इस फंडिंग से DVC कई तरह के सोलर और एनर्जी स्टोरेज प्रोजेक्ट्स पर काम करेगी। इसमें फ्लोटिंग सोलर, ग्राउंड-माउंटेड सोलर और रूफटॉप सोलर प्रोजेक्ट शामिल हैं। इसके अलावा बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम यानी BESS प्रोजेक्ट्स के लिए भी फंडिंग की जाएगी। इन प्रोजेक्ट्स में DVC की मौजूदा जमीन, जलाशयों और ट्रांसमिशन इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल होगा।


यह फंडिंग आईआरएफसी की रेलवे के अलावा दूसरे सेक्टर में विस्तार की कोशिश का हिस्सा है। कंपनी के फाइनेंसिंग पोर्टफोलियो में अब रिन्यूएबल एनर्जी, पावर, मेट्रो रेल और लॉजिस्टिक्स जैसे सेक्टर भी शामिल हैं। कंपनी ने इससे पहले एलएंडटी मेट्रो रेल (हैदराबाद) के साथ ₹13,527 करोड़ का टर्म लोन एग्रीमेंट किया था। इस पैसे का इस्तेमाल हैदराबाद मेट्रो प्रोजेक्ट के कर्ज को रिफाइनेंस करने के लिए किया जाएगा।

अब तक कैसी रही शेयरों की चाल

आईआरएफसी के शेयर ₹4633 करोड़ के आईपीओ के तहत निवेशकों को ₹26 के भाव पर जारी हुए थे। 29 जनवरी 2021 को मार्केट में इसके शेयर करीब 4% डिस्काउंट पर लिस्ट हुए और अगले ही साल 20 जनवरी 2022 को यह ₹19.30 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया था। इस निचले स्तर पर यह संभला और ढाई साल में रॉकेट की स्पीड से उछलकर 15 जुलाई 2024 को बीएसई पर ₹229.05 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया। हालांकि शेयरों की तेजी यहीं थम गई।

पिछले एक साल में इसके शेयरों के चाल की बात करें तो पिछले साल 29 दिसंबर 2025 को बीएसई पर यह ₹137.10 के भाव पर था जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। इस हाई लेवल से 9 महीने में यह 43.76% टूटकर आज 29 सितंबर 2026 को ₹77.10 पर आ गया जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल रिकॉर्ड निचला स्तर है।

चार्ट पर कैसी है स्थिति

आईसीआईसीआई डायरेक्ट पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक आईआरएफसी के शेयर अहम मूविंग एवरेजज के नीचे हैं। इसका 200-दिनों का EMA (एक्सपोनेंशियल मूविंग एवरेज 98.3 पर है तो 50-दिनों का 84.7 और 100-दिनों का 89.6 पर। रेजिस्टेंस और सपोर्ट की बात करें तो ऊपर की तरफ 79.5, फिर 80.5 और 81.1 पर रेजिस्टेंस झेलना पड़ सकता है जबकि नीचे की तरफ इसके शेयरों के लिए पहला सपोर्ट 78.0, फिर 77.4 और फिर 76.4 पर है।

Varmora IPO Listing: जीरो GMP के बाद 4% का लिस्टिंग गेन, ढहते मार्केट में चमका ₹148 का टाइल शेयर

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।