ट्रैवल एग्रीगेटर इक्सिगो की पेरेंट कंपनी Le Travenues Technology के शेयरों में 19 अक्टूबर को दिन में 15 प्रतिशत तक की तेजी दिखी। BSE पर शेयर 165.95 रुपये के हाई तक गया। कंपनी के तिमाही नतीजे अच्छे रहने के बाद शेयर में जमकर खरीद हो रही है। जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही के दौरान कंपनी ने 63.42 करोड़ रुपये का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट देखा है। एक साल पहले समान तिमाही में कंपनी 3.46 करोड़ रुपये के घाटे में थी।
ऑपरेशंस से रेवेन्यू 13 प्रतिशत बढ़कर 320.96 करोड़ रुपये हो गया, जो सितंबर 2025 तिमाही में 284.23 करोड़ रुपये था। कुल खर्च भी बढ़कर 309.51 करोड़ रुपये के रहे, जो सितंबर 2025 तिमाही में 291.89 करोड़ रुपये के थे। ग्रॉस ट्रांजेक्शन वैल्यू सालाना आधार पर 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 5,304 करोड़ रुपये रही।
कंपनी का कहना है कि ग्रॉस ट्रांजेक्शन वैल्यू (GTV) के लिहाज से होटल बिजनेस उसका सबसे तेजी से बढ़ने वाला बिजनेस सेगमेंट बन गया है। यह सालाना आधार पर 159 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 111.34 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। यह पहली बार है जब ixigo ने होटल कारोबार को एक अलग बिजनेस सेगमेंट के तौर पर पेश किया है।
जून 2024 में लिस्ट हुई थी Le Travenues Technology
इक्सिगो की पेरेंट कंपनी Le Travenues Technology जून 2024 में शेयर बाजारों में लिस्ट हुई थी। इसका IPO 740.10 करोड़ रुपये का था। कंपनी का मार्केट कैप 6900 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर 3 महीनों में 21 प्रतिशत गिरा है। वहीं एक साल में कीमत आधी हो चुकी है। कंपनी में पूरी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास है।
मोतीलाल ओसवाल का मानना है कि Ixigo के पास ट्रैवल-टेक प्लेटफॉर्म के क्षेत्र में विकास का एक बड़ा अवसर है। भारत में रेल, सड़क और हवाई इंफ्रास्ट्रक्चर में हो रहे सुधार का फायदा उठाने के लिए Ixigo अच्छी स्थिति में है। यूजर्स के बीच इसकी मजबूत ब्रांड पहचान है। ब्रोकरेज ने Ixigo पर 'न्यूट्रल' रेटिंग बरकरार रखी है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।