Japan Nikkei: जापान के शेयरों ने की जबरदस्त वापसी! रिकॉर्ड गिरावट के बाद 10% उछला निक्केई इंडेक्स, जानें वजह

Japan Nikkei: जापान के स्टॉक मार्केट ने मंगलवार 6 अगस्त को जोरदार वापसी की। इससे एक दिन पहले सोमवार को अमेरिकी इकोनॉमी में मंदी की आशंका और मजबूत येन से जुड़ी चिंताओं के चलते इसमें पिछले 37 सालों की सबसे बड़ी गिरावट आई थी। हालांकि आज बाजार इस गिरावट से उबरता दिख रहा है

अपडेटेड Aug 06, 2024 पर 9:49 AM
Story continues below Advertisement
Japan Nikkei: बेंचमार्क निक्केई 225 इंडेक्स 10.33% बढ़कर 34,707.78 पर पहुंच गया

Japan Nikkei: जापान के स्टॉक मार्केट ने मंगलवार 6 अगस्त को जोरदार वापसी की। इससे एक दिन पहले सोमवार को अमेरिकी इकोनॉमी में मंदी की आशंका और मजबूत येन से जुड़ी चिंताओं के चलते इसमें पिछले 37 सालों की सबसे बड़ी गिरावट आई थी। हालांकि आज बाजार इस गिरावट से उबरता दिख रहा है। बेंचमार्क निक्केई 225 इंडेक्स 10.33 प्रतिशत या 3,249.36 अंक बढ़कर 34,707.78 पर पहुंच गया। वहीं ब्रॉडर मार्केट से जुड़ा टॉपिक्स इंडेक्स 10.26 प्रतिशत या 228.49 अंक बढ़कर 2,455.64 पर पहुंच गया।

इससे पहले सोमवार को निक्केई इंडेक्स 12.40 प्रतिशत या 4,451.28 अंक नीचे बंद हुआ था, जो इसके इतिहास में सबसे बड़ी गिरावट थी। ब्रोकरेज फर्म मोनेक्स ने कहा, "बाजार में शुरुआती कारोबार से तेजी देखी जा रही है। कल की भारी गिरावट के बाद इसमें स्वाभाविक उछाल की उम्मीद की जा रही थी। वहीं येन में भी डॉलर के मुकाबले कुछ गिरावट आई है।" ब्रोकरेज ने कहा कि उसे उम्मीद है कि विदेशी मुद्रा की गतिविधियों के साथ बाजार में अभी कुछ और दिन घबराहट भरी ट्रेडिंग देखने को मिल सकती है।

नोमुरा सिक्योरिटीज ने कहा कि इस सप्ताह बाजार में अत्यधिक उतार-चढ़ाव रहने की संभावना है। ब्रोकरेज ने कहा, "आज की तेजी को एक लाइन में समझाया जा सकता है: भारी गिरावट के बाद आई तकनीकी उछाल"।


सुबह के कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले जापान का येन कमजोर होकर 146.01 पर आ गया। इससे पहले सोमवार को यह 141.70 पर पहुंच गया था, जो जनवरी की शुरुआत से अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। येन का मजबूत होना जापानी एक्सपोर्ट्स के लिए नेगेटिव खबर है। हाल ही में जापानी केंद्रीय बैंक के नीतिगत फैसलों के कारण इसमें तेजी आई थी।

जापान के वित्त मंत्री और BoJ के बीच बैठक

इस बीच खबर है कि जापान के वित्त मंत्री और बैंक ऑफ जापान के गवर्नर से आज मुलाकात होगी। यह मुलाकात भारतीय समयानुसार सुबह 11.30 बजे होने का अनुमान है। इस बैठक में जापानी येन की मजबूती और स्टॉक मार्केट में भारी गिरावट से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। बैंक ऑफ जापान ने हाल ही में ब्याज दरें बढ़ाने का ऐलान किया था। उम्मीद है कि मॉनिटरी पॉलिसी को लेकर भी वित्त मंत्री बात करेंगे।

यह भी पढ़ें- IndiGo का शेयर आगे देख सकता है ₹5300 का लेवल, बिजनेस क्लास के ऐलान से ब्रोकरेज खुश

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।