Just Dial share: शेयर बाजार में भारी गिरावट के बीच आज 13 जनवरी को जस्ट डायल लिमिटेड के शेयरों में भी जमकर बिकवाली देखी गई। यह स्टॉक BSE पर 13.64 फीसदी टूटकर 893.50 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इंटरनेट टेक्नोलॉजी कंपनी ने हाल ही में FY25 की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। आज की गिरावट के साथ कंपनी का मार्केट कैप घटकर 7,598 करोड़ रुपये पर आ गया है। स्टॉक का 52-वीक हाई 1394.95 रुपये और 52-वीक लो 769.85 रुपये है।
तीसरी तिमाही में कैसा रहा Just Dial का प्रदर्शन
जस्ट डायल का रेवेन्यू दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर 8.4 फीसदी और तिमाही आधार पर 0.9 फीसदी बढ़ा है, जो कि बाजार के अनुमानों से कम है। सालाना आधार पर 3.4% का इम्प्लाइड बिलिंग्स ग्रोथ उम्मीद से कम रहा है और यह चिंता की बात है, खासकर FY25 की दूसरी तिमाही में 8% के कमजोर सालाना वृद्धि के बाद। चौथी तिमाही आम तौर पर बिलिंग्स के लिए एक मजबूत तिमाही होती है।
यूनिक विजिटर की संख्या में पिछले वर्ष की तुलना में 15.3 फीसदी की वृद्धि हुई और यह 19.1 करोड़ हो गई, जो पिछली तमाही से 3.4 फीसदी कम है। इस वित्तीय वर्ष के पहले नौ महीनों में कलेक्शन में 5.6% की वृद्धि हुई, जो कि मैनेजमेंट की 10-15% की उम्मीद के मुकाबले कम है। कमजोर कलेक्शन मोनेटाइजेशन चुनौतियों को दिखाता है।
तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा 42.7% सालाना बढ़कर 131.3 करोड़ रुपये हो गया। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में जस्ट डायल ने 92 करोड़ का शुद्ध मुनाफा कमाया था। तीसरी तिमाही में EBITDA 44% बढ़कर 86.6 करोड़ रुपये हो गया। जो पिछले वित्तीय वर्ष की तीसरी तिमाही में 60.2 करोड़ रुपये रहा था। तिमाही में EBITDA मार्जिन 30.1% रहा, जबकि वित्त वर्ष 2024 की इसी अवधि में यह 22.7% रही था।
Just Dial पर ब्रोकरेज की राय
ब्रोकरेज फर्म कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने स्टॉक पर 'Buy' रेटिंग बरकरार रखी है, लेकिन इसके टारगेट प्राइस को पहले के ₹1475 से घटाकर ₹1330 कर दिया है। हालांकि मार्जिन सामान्य हो गए हैं, लेकिन लॉन्ग टर्म ग्रोथ से जुड़ी चिंताएं बनी हुई हैं और कोटक को उम्मीद है कि Q4FY25 में बिलिंग में कुछ सुधार दिखाई देगा।
एक अन्य ब्रोकरेज हाउस, एम्बिट ने कहा कि सेल्सफोर्स और मार्केटिंग में निवेश की कमी ने कलेक्शन ग्रोथ को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। एम्बिट ने जस्ट डायल को 'सेल' रेटिंग जारी की है, जिसका टारगेट प्राइस ₹1037 प्रति शेयर है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।