Just Dial Share Price: शानदार नतीजे के चलते जस्ट डायल के शेयरों ने आज अपर सर्किट छू लिया है। बीएसई पर यह 10 फीसदी के उछाल के साथ 643.65 रुपये के अपर सर्किट पर बना हुआ है। वहीं दूसरी तरफ सेंसेक्स लुढ़का हुआ है। BSE Sensex फिलहाल 239 अंकों के गिरावट के साथ 60,022 पर है। जस्ट डायल की दिसंबर तिमाही में कमाई तिमाही आधार पर 7.8 फीसदी और सालाना आधार पर 39.3 फीसदी बढ़ी है। इस शानदार नतीजे ने निवेशकों का रुझान Just Dial को लेकर पॉजिटिव किया है। जस्ट डायल यूजर्स को लोकल स्तर पर सेवाओं से जुड़ी जानकारियां मुहैया कराती है यानी कि आप किसी स्थान पर रेस्टोरेंट्स, हॉस्पिटल्स, कॉलेज या होटल्स इत्यादि की जानकारी जस्ट डायल के जरिए हासिल कर सकते हैं।
Just Dial के लिए कैसी रही दिसंबर तिमाही
जस्ट डायल को अक्टूबर-दिसंबर 2022 में 221.37 करोड़ रुपये का स्टैंडएलोन नेट ऑपरेशनल रेवेन्यू हासिल हुआ था जो तिमाही आधार पर 7.8 फीसदी और सालाना आधार पर 39.3 फीसदी अधिक रहा। वहीं कंपनी का नेट प्रॉफिट भी तिमाही आधार पर 44 फीसदी और सालाना आधार पर 288 फीसदी उछलकर 75.27 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी ने दिसंबर तिमाही में 615 की नेट हायरिंग की और अब इसमें 11947 एंप्लॉयीज हैं।
33% डिस्काउंट पर हैं शेयर
जस्ट डायल के शेयर पिछले साल 21 जनवरी 2022 को 957.50 रुपये के भाव पर थे जो एक साल का रिकॉर्ड ऊंचा स्तर है। इसके बाद बिकवाली के दबाव में यह 20 जून 2022 तक करीब 46 फीसदी टूटकर 520.30 रुपये पर आ गया। यह 52 हफ्ते का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इसके बाद शेयरों में तेजी का रुझान लौटा और अब तक यह 24 फीसदी रिकवर हो चुका है। हालांकि अभी भी यह एक साल के हाई लेवल से करीब 33 फीसदी डिस्काउंट पर है।