TCS Share Price: देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी TCS के शेयर आज करीब डेढ़ फीसदी उछलकर 3352.40 रुपये के भाव पर पहुंच गए। इसके शेयरों में यह तेजी इसलिए दिख रही है क्योंकि आज यह एक्स-डिविडेंड पर ट्रेड हो रहा है। इसका मतलब हुआ कि कल डिविडेंड का रिकॉर्ड डेट है। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने दिसंबर तिमाही के नतीजे के साथ अंतरिम डिविडेंड और स्पेशल डिविडेंड का ऐलान किया था। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 17 जनवरी 2023 फिक्स किया गया है। अभी इसके शेयर बीएसई पर एक फीसदी से अधिक उछाल के साथ 3340 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। टीसीएस का डिविडेंड ट्रैक रिकॉर्ड शानदार रहा है और 28 अक्टूबर 2004 से लेकर अब तक 78 डिविडेंड का ऐलान कर चुकी है।
TCS के शेयरहोल्डर्स को कितना मिलेगा डिविडेंड
चालू वित्त वर्ष 2022-23 की तीसरी तिमाही के नतीजे के साथ कंपनी ने तीसरे अंतरिम डिविडेंड और स्पेशल डिविडेंड का ऐलान किया। 1 रुपये की फेस वैल्यू प्रति शेयर के लिए शेयरहोल्डर्स को 8 रुपये का अंतरिम डिविडेंड और 67 रुपये का स्पेशल डिविडेंड मिलेगा। इसका मतलब हुआ कि निवेशकों को प्रति शेयर 75 रुपये का डिविडेंड मिलेगा। इस डिविडेंड को शेयरधारकों के खाते में 3 फरवरी 2023 को भेजा जाएगा। हालांकि इसे उन्हीं शेयरहोल्डर्स को दिया जाएगा जिनका नाम कल 17 जनवरी 2023 को कंपनी के रजिस्ट्रार ऑफ मेंबर्स या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होगा।
टीसीएस के लिए कैसी रही दिसंबर तिमाही
चालू वित्त वर्ष 2022-23 की तीसरी तिमाही अक्टूबर-दिसंबर 2022 टीसीएस के लिए मिली-जुली रही। कांस्टैंट करेंसी टर्म में कंपनी का कंसालिडेटेड रेवेन्यू तीसरी तिमाही में सालाना आधार पर 19.1 फीसदी और तिमाही आधार पर 13.5 फीसदी बढ़कर 58229 करोड़ रुपये रहा। वहीं नेट इनकम भी सालाना आधार पर 11 फीसदी बढ़कर 10846 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। हालांकि कंपनी के एंप्लॉयीज कम हुए हैं और 2197 की गिरावट हुई है और अब कंपनी के 613974 एंप्लॉयीज हैं। महामारी के बाद से पहली बार टीसीएस में एंप्लॉयीज की संख्या में गिरावट आई है।