Sula Vineyards Share Price: देश की सबसे बड़ी और इकलौती लिस्टेड वाइन कंपनी के शेयरों में आज जमकर खरीदारी का रुझान दिख रहा है। दिसंबर 2022 तिमाही की बिक्री के शानदार आंकड़े सामने आने के बाद निवेशक इसमें पैसे लगा रहे हैं। इस वजह से बीएसई पर आज यह 12 फीसदी से अधिक उछाल के साथ 368.20 रुपये के भाव पर पहुंच गया। यह Sula Vineyards के शेयरों का रिकॉर्ड ऊंचा स्तर है। हालांकि आईपीओ निवेशक अभी भी महज तीन फीसदी फायदे में हैं। आईपीओ निवेशकों को इसके शेयर 357 रुपये के भाव पर जारी हुए थे और शेयर पिछले महीने 22 दिसंबर 2022 को लिस्ट हुए थे।
Sula Vineyards के लिए कैसी रही दिसंबर तिमाही
सुला ने 13 जनवरी को एक्सचेंज फाइलिंग में दिसंबर तिमाही के बिक्री के आंकड़ों की जानकारी दी। इस फाइलिंग के मुताबिक कंपनी के खुद के ब्रांड और वाइन टूरिज्म बिजनेस की ग्रॉस बिलिंग का आंकड़ा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। दिसंबर 2022 तिमाही में सुला के खुद के ब्रांड की ग्रॉस बिलिंग 187.2 करोड़ रुपये रही जो सालाना आधार पर 13 फीसदी अधिक रही। वहीं वाइन टूरिज्म बिजनेस भी सालाना आधार पर 13 फीसदी उछलकर 23 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
हालांकि नौ महीने यानी अप्रैल-दिसंबर 2022 की बात करें तो नतीजे और शानदार रहे। खुद के ब्रांड की ग्रॉस बिलिंग सालाना आधार पर नौ महीने में 28 फीसदी बढ़कर 391.5 करोड़ रुपये और वाइन टूरिज्म बिजनेस 48 फीसदी उछलकर 58.6 करोड़ रुपये पर पहुंच गई। ग्रॉस बिलिंग का मतलब ग्राहकों के बिल वैल्यू से है जिसमें टैक्स नहीं शामिल है और इसमें बिक्री और डिस्ट्रीब्यूशन के खर्च के साथ-साथ एक्साइज ड्यूटी को शामिल नहीं किया गया है।
देश की सबसे बड़ी और इकलौती लिस्टेड कंपनी है सुला
सुला की घरेलू वाइन मार्केट में 50 फीसदी से अधिक हिस्सेदारी है। वहीं यह देश की इकलौती लिस्टेड कंपनी है जिसकी घरेलू मार्केट में पिछले साल 22 दिसंबर 2022 को एंट्री हुई थी। इसकी फीकी एंट्री ने निवेशकों को निराश किया था। 357 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले यह 358 रुपये पर खुला तो था लेकिन दिन के आखिरी में बीएसई पर यह 331.15 रुपये पर बंद हुआ था। इंट्रा-डे में यह 363.40 रुपये की ऊंचाई और 328.60 रुपये के निचले स्तर तक ऊपर-नीचे हुआ था। लिस्टिंग के बाद भी यह नहीं संभला और 26 दिसंबर 2022 को यब 305.55 रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर तक फिसल गया था।