इलेक्ट्रिसिटी के विस्तार से वायर और केबल कंपनियों के शेयरों में निवेश कर शानदार मुनाफा कमाया जा सकता है। इसे लेकर इंटरनेशनल ब्रोकरेज यूबीएस ने दो शेयरों पर दांव लगाया है जिनमें मौजूदा लेवल पर पैसे लगाकर ताबड़तोड़ कमाई की जा सकती है। यूबीएस ने जिन दो शेयरों-केईआई इंडस्ट्रीज (KEI Industries) और पॉलीकैब इंडिया (Polycab India) पर दांव लगाया है, वे आज 9 फीसदी से अधिक उछल गए हैं।
केईआई के शेयर आज BSE पर 7.80 फीसदी की बढ़त के साथ 4708.10 रुपये (KEI Share Price) पर बंद हुए हैं। इंट्रा-डे में यह 9.37 फीसदी उछलकर 4776.85 रुपये तक पहुंच गया था। वहीं पॉलीकैब के शेयर 2.17 फीसदी की बढ़त के साथ 6783.15 रुपये (Polycab India Share Price) पर बंद हुए हैं। इंट्रा-डे में यह 3.64 फीसदी उछलकर 6881.40 रुपये की ऊंचाई तक पहुंचा था।
केईआई प्योर-प्ले केबल और वायर कंपनी है जो ब्रोकरेज के मुताबिक इस सेक्टर की ग्रोथ के लिहाज से कंपनी के लिए पॉजिटिव है। इसकी कमाई लगातार बढ़ रही है। इसके अलावा केबल एंड वायर ग्रोथ सेगमेंट की ग्रोथ से इसे काफी सपोर्ट मिल रहा है जो लंबे समय तक बना रहेगा। इसके अलावा ब्रोकरेज का मानना है कि ब्रांडेड हाउसिंग वायर एंड केबल सेगमेंट में इसका दबदबा बढ़ने की गुंजाइश काफी है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि यह स्विच औ स्विचगियर में एंट्री कर सकती है।
वित्त वर्ष 2024 में इसने 400 करोड़ रुपये का कैपिटल एक्सपेंडिचर किया जो वित्त वर्ष 2018 से वित्त वर्ष 2023 के औसत से चार गुना अधिक है। अब ब्रोकरेज का मानना है कि वित्त वर्ष 2025-27 से कंपनी 700 करोड़ रुपये के कैपेक्स पर पहुंच सकती है जिससे इसका रेवेन्यू सालाना आधार पर 22 फीसदी की चक्रवृद्धि दर से बढ़ सकता है। इन सब बातों को देखते हुए ब्रोकरेज ने इसे 6150 रुपये के टारगेट प्राइस पर खरीदारी की रेटिंग दी है।
ब्रोकरेज के मुताबिक कॉम्पटीटर्स के मुकाबले पॉलीकैब ने सबसे अधिक निवेश किया हुआ और बिजनेस मॉडल ग्रोथ वाला है। इसे लॉन्ग टर्म में इलेक्ट्रिफिकेशन ग्रोथ से सपोर्ट मिलेगा। यूबीएस का मामना है कि घरेलू मार्केट में उम्मीद से बेहतर वॉल्यूम ग्रोथ और निर्यात में तेजी से नियर टर्म में इसके कारोबार की ग्रोथ को सपोर्ट मिलेगा। ऐसे में ब्रोकरेज ने खरीदारी की रेटिंग के साथ इसकी कवरेज शुरू की है और टारगेट प्राइस 8550 रुपये पर फिक्स किया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।