Kotak Mahindra Bank Share Price: MD और CEO के जाने की खबर से निवेशक टेंशन में, शेयर 3% तक लुढ़का

Kotak Mahindra Bank Share Price: कोटक महिंद्रा बैंक ने कहा है कि उसके बोर्ड ने नए मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह प्रक्रिया लागू रेगुलेटरी समय-सीमा के अंदर पूरी की जाएगी

अपडेटेड Jun 29, 2026 पर 1:03 PM
अशोक वासवानी का कार्यकाल 31 दिसंबर, 2026 को खत्म हो रहा है और वह निजी कारणों से दोबारा नियुक्ति नहीं चाहते हैं।

प्राइवेट सेक्टर के कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में 29 जून को गिरावट है। BSE पर दिन में शेयर का भाव पिछली क्लोजिंग से 3 प्रतिशत तक टूटकर 396.15 रुपये के लो तक गया। दरअसल बैंक ने शनिवार को बताया था कि उसके MD और CEO अशोक वासवानी 3 साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद पद छोड़ने वाले हैं। उनका कार्यकाल 31 दिसंबर, 2026 को खत्म हो रहा है और वह निजी कारणों से दोबारा नियुक्ति नहीं चाहते हैं।

अनुभवी बैंकर वासवानी ने 1 जनवरी, 2024 को बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) और CEO का पद संभाला था। इससे पहले वह बार्कलेज और सिटीग्रुप के साथ काम कर चुके हैं। वासवानी ने दीपक गुप्ता की जगह ली थी, जो अंतरिम MD और CEO थे। दीपक गुप्ता ने फाउंडर-डायरेक्टर उदय कोटक के 1 सितंबर, 2023 से बैंक के प्रमुख का पद अचानक छोड़ने के बाद यह जिम्मेदारी संभाली थी। उदय कोटक का रिटायरमेंट 31 दिसंबर को तय था, लेकिन उन्होंने 4 महीने पहले ही पद छोड़ दिया।

कोटक महिंद्रा बैंक ने कहा है कि उसके बोर्ड ने नए मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह प्रक्रिया लागू रेगुलेटरी समय-सीमा के अंदर पूरी की जाएगी। ब्रोकरेज फर्मों ने कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर पर सकारात्मक रुख बनाए रखा है। उनका तर्क है कि लीडरशिप में बदलाव से बैंक की लंबी अवधि की रणनीति में कोई खास बदलाव आने की संभावना नहीं है।


Kotak Mahindra Bank पर किस ब्रोकरेज की क्या राय

नोमुरा ने कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर पर अपनी "बाय" रेटिंग बरकरार रखी है और टारगेट प्राइस 460 रुपये प्रति शेयर तय किया है। जेफरीज ने भी 450 रुपये प्रति शेयर के टारगेट प्राइस के साथ अपनी "बाय" रेटिंग दोहराई है। कहा है कि उत्तराधिकार की प्रक्रिया से शेयर पर कुछ समय के लिए दबाव बन सकता है, लेकिन बैंक की ग्रोथ और री-रेटिंग के लिए लीडरशिप की क्वालिटी अहम होगी।

Persistent Systems Share Price: जर्मनी की Nagarro की खरीद के ऐलान के बाद जबरदस्त सेलिंग, 9% तक टूटा शेयर

शेयर 3 महीनों में 9 प्रतिशत मजबूत

शेयर में आई गिरावट के बाद कोटक महिंद्रा बैंक का मार्केट कैप घटकर 4 लाख करोड़ रुपये के करीब रह गया है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। शेयर 3 महीनों में 9 प्रतिशत चढ़ा है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 25.87 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। कोटक महिंद्रा बैंक का जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 10 प्रतिशत बढ़कर 5,423 करोड़ रुपये हो गया। स्टैंडअलोन बेसिस पर बैंक ने शुद्ध मुनाफे में सालाना आधार पर 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की। आंकड़ा 4,027 करोड़ रुपये रहा। कोर नेट इंटरेस्ट इनकम सालाना आधार पर 8 प्रतिशत बढ़कर 7,876 करोड़ रुपये हो गई। नेट इंटरेस्ट मार्जिन 4.67 प्रतिशत रहा।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।