आप दमदार कमाई वाले शेयर की तलाश में हैं तो एलएंडटी फाइनेंस के बारे में सोच सकते हैं। सितंबर तिमाही में एनबीएफसी का प्रदर्शन अच्छा रहा है। इसके बावजूद शेयर में 16 अक्टूबर को गिरावट आई। इससे शेयर की कीमत अट्रैक्टिव लेवल पर आ गई है। अभी निवेश करने पर आगे जोरदार कमाई हो सकती है।
6 फीसदी तक गिरने के बाद शेयर में जबर्दस्त रिकवरी
ब्रोकरेज फर्मों की राय L&T Finance के शेयर पर काफी पॉजिटिव है। एलारा कैपिटल ने इस शेयर के लिए 390 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इसका मतलब है कि यह शेयर मौजूदा लेवल से करीब 56 फीसदी चढ़ सकता है। 16 अक्टूबर को शेयर का प्राइस एक समय 6 फीसदी तक क्रैश कर गया था। बाद में इसमें अच्छी रिकवरी दिखी। 11:40 बजे यह शेयर 1.37 फीसदी गिरकर 258.50 रुपये पर चल रहा था।
सितंबर तिमाही में ज्यादातर पैमानों पर अच्छा प्रदर्शन
सितंबर तिमाही में एलएंडटी का प्रदर्शन अच्छा रहा है। इसकी लोन बुक साल दर साल आधार पर 28 फीसदी बढ़कर 1.36 लाख करोड़ रुपये पहुंच गई। एक साल पहले की समान अवधि में लोन बुक 1.07 लाख करोड़ रुपये थी। इसकी नेट इंटरेस्ट इनकम साल दर साल आधार पर 32.6 फीसदी बढ़कर 3.187.86 करोड़ रुपये हो गई। एक साल पहले की समान अवधि में यह 2,403.12 करोड़ रुपये थी।
टैक्स बाद नेट प्रॉफिट में 32 फीसदी उछाल
दूसरी तिमाही में कंपनी का प्री-प्रोविजनिंग ऑपरेटिंग प्रॉफिट 1,947.53 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले की समान अवधि के 1,494.14 करोड़ रुपये से 30.3 फीसदी ज्यादा है। टैक्स बाद नेट प्रॉफिट 32.4 फीसदी बढ़कर 972.76 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 734.88 करोड़ रुपये था। तिमाही दर तिमाही आधार पर नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) बढ़कर 8.88 फीसदी हो गया।
20 एनालिस्ट्स की शेयर पर बाय रेटिंग
कई दूसरे ब्रोकरेज फर्मों ने भी इस शेयर में तेजी की उम्मीद जताई है। इनमें UBS, Citi, Axis Capital और ICICI Direct शामिल हैं। इन ब्रोकरेज फर्मों ने इस शेयर के लिए 380 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। इस शेयर को कवर करने वाले 24 एनालिस्ट्स में से 20 ने 'बाय' रेटिंग दी है। एक ब्रोकरेज फर्म की होल्ड रेटिंग है। तीन ब्रोकरेज फर्मों की 'सेल' रेटिंग है।
बाजार के प्रमुख सूचकांकों में अच्छी तेजी
इस साल एलएंडटी फाइनेंस के शेयरों का प्रदर्शन कमजोर रहा है। इस दौरान यह 18 फीसदी से ज्यादा गिरा है। इससे इसकी कीमतें अट्रैक्टिव लेवल पर गई हैं। शेयर बाजारों में 16 अक्टूबर को भी तेजी दिखी। निफ्टी 0.50 फीसदी यानी 116 अंक चढ़कर 23,116 पर चल रहा था। सेंसेक्स 0.46 फीसदी यानी 343 अंक के उछाल के साथ 74,659 पर चल रहा था। बैंक शेयरों पर दबाव दिखा। आईटी कंपनियों में आज भी जोरदार तेजी दिखी।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।