LG Electronics India's MD Hindi Speech: एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के ₹1140 के शेयरों की 50% से अधिक प्रीमियम पर एंट्री ने आईपीओ निवेशकों को खुश कर दिया। लंबे समय बाद किसी बड़े आईपीओ की इतनी धाकड़ एंट्री हुई है। हालांकि सिर्फ यही नहीं, एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के एमडी हॉन्ग जु जियोन (Hong Ju Jeon) की स्पीच पर भी निवेशक लहालोट हो उठे। इसकी वजह ये रही कि उन्होंने इसकी लिस्टिंग सेरेमनी में पूरी स्पीच हिंदी में दी है। सिर्फ 'नमस्ते' से ही नहीं काम चलाया। हॉन्ग जू जियोन को जनवरी 2023 में कंपनी का एमडी बनाया गया था और लिस्टिंग सेरेमनी पर जब उन्होंने अंग्रेजी या कोरियन की बजाय हिंदी चुना तो इसने निवेशकों का दिल जीत लिया और तुरंत ही उनके स्पीच का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स तो ये भी कहने लगे कि काश भारतीय कंपनियों के लीडर्स भी इनसे कुछ सीख लेते।
क्या कहा LG Electronics India के एमडी ने?
"नमस्ते। माननीय अतिथिगण, विशेष रूप से, एनएसई के सीईओ श्री आशीष चौहान। इस ऐतिहासिक अवसर पर एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स के साथ शामिल होने के लिए आप सभी का धन्यवाद। यह आईपीओ एलजी के लिए सिर्फ एक वित्तीय उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह एक नए भविष्य की शुरुआत है, जिसे हम भारत के लोगों के साथ मिलकर बढ़ाएंगे। भविष्य में लाइफ गुड्स की भावनाओं को अधिक से अधिक भारतीय परिवर्तन के साथ सजाते रहेंगे। साथ ही हम उन तर्कों को मूल्य प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं जिन्होंने हमारे विजन पर विश्वास किया। अंत में मैं भारत सरकार, सेबी, एनएसई, हमारे पार्टनर्स, एलजी परिवार और ग्राहकों का तहेदिल से धन्यवाद करता हूं। धन्यवाद। नमस्ते।"
क्या है जियोन की भारतीय स्ट्रैटेजी?
एलजी के भारतीय कारोबार की कमान संभालने से पहले जियोन खाड़ी देशों के कारोबार को संभाल रहे थे। इराक, जॉर्डन, लेबनॉन और सीरिया में कंपनी की सब्सिडरी में वह सीनियर रोल्स में थे। जब भारतीय कारोबार की जिम्मेदारी उन्हें दी गई थी तो उन्होंने कहा था कि भारत एक बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था है और बड़ी जनसंख्या के साथ यह एक दिलचस्प बाजार है। उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य ग्राहकों की जरूरतों के मुताबिक प्रोडक्ट्स पेश करके अपने कंज्यूमर बेस को और मजबूत करना है।
कैसा रहा LG Electronics India का शेयर मार्केट में पहला दिन?
एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया के शेयरों ने लिस्टिंग के ही दिन धमाल मचा दिया। पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 48% से अधिक मुनाफे में हैं। खास बात ये है कि धांसू एंट्री के साथ इसका वैल्यूएशन अपनी दक्षिण कोरियाई पैरेंट कंपनी से भी अधिक हो गया।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।