Lokesh Machines Shares: इस कंपनी को छोटे हथियार बनाने का मिला लाइसेंस, शेयर में 20% का लगा अपर सर्किट

Lokesh Machines shares: लोकेश मशीन्स के शेयरों की कीमत गुरुवार 15 जून को 20 फीसदी बढ़कर अपने एक साल के नए उच्चतम स्तर पर गई। कंपनी के शेयरों में यह धमाकेदार तेजी इसे छोटे हथियारों के निर्माण के लिए लाइसेंस मिलने के बाद आई है। शेयर ने 185.85 रुपये के अपने नए उच्चतम स्तर को छू लिया

अपडेटेड Jun 15, 2023 पर 3:10 PM
Story continues below Advertisement
पिछले एक साल में Lokesh Machines के शेयरों की कीमत 150% से अधिक बढ़ी है

Lokesh Machines shares: लोकेश मशीन्स के शेयरों की कीमत गुरुवार 15 जून को 20 फीसदी बढ़कर अपने एक साल के नए उच्चतम स्तर पर गई। कंपनी के शेयरों में यह धमाकेदार तेजी इसे छोटे हथियारों के निर्माण के लिए लाइसेंस मिलने के बाद आई है। शेयर ने 185.85 रुपये के अपने नए उच्चतम स्तर को छू लिया है। दोपहर 2 बजे खबर लिख जाने के समय करीब 88,653 शेयरों के Buy (खरीद) ऑर्डर लंबित थे और कोई शेयर बेचने वाला उपलब्ध नहीं था।

लोकेश मशीन्स ने शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में बताया कि उसे भारत सरकार के गृह मंत्रालय से एक लेटर मिला है, जिसमें कंपनी को छोटे हथियारों के निर्माण के लिए प्रारंभिक लाइसेंस (फॉर्म VIJ) देने की जानकारी दी गई है। कंपनी को अब लाइसेंस के लिए निर्धारित फीस का भुगतान करना है।

हालांकि, लोकेश मशीन्स ने कहा कि उसे अभी तक इस लाइसेंस की कॉपी नहीं मिली है। कंपनी ने कहा कि लाइसेंस मिलने के बाद हम तुरंत स्टॉक एक्सचेंजों को इस बारे में सूचित करेंगे।


पिछले एक साल में, लोकेश मशीन्स के शेयरों की कीमत 150 प्रतिशत से अधिक बढ़ी है। वहीं इस साल शुरुआत से अब तक यह शेयर करीब 70 फीसदी बढ़ चुका है। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 18.51 फीसदी की तेजी आई है।

यह भी पढे़ं- PNC Infratech के शेयरों में 4% का उछाल, इस बड़ी डील की खबर का है असर

हाल ही में समाप्त हुई मार्च तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 9 फीसदी बढ़कर 2.96 करोड़ रुपये रहा था, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 2.71 करोड़ रुपये था। कंपनी का रेवेन्यू मार्च तिमाही में 67 करोड़ रुपये था, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में रहे 65.21 करोड़ रुपये के मुकाबले 2.74 फीसदी अधिक था।

लोकेश मशीन्स के पास 6 मैन्युफैक्चरिंग प्लाट्स हैं। इसमें से 5 हैदराबाद में और एक पुणे में है। कंपनी मुख्य रूप से दो सेगमेंट में कारोबार करती है- मशीन्स और कंपोनेंट्स। इसके प्रोडक्ट में सीएनसी लैथ्स, वर्टिकल मशीनिंग सेंटर, हॉरिजॉन्टल मशीनिंग सेंटर, वर्टिकल टर्निंग सेंटर, स्पेशल पर्पज मिलिंग मशीन, लाइन बोरिंग मशीन और गन ड्रिलिंग मशीन जैसे मशीन टूल्स शामिल हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।