मैक्रोटेक डेवलपर्स की मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में बिक्री बुकिंग 20 फीसदी की वृद्धि के साथ 4,030 करोड़ रुपये हो गई है। बिक्री बुकिंग में यह बढ़ोतरी हाउसिंग डिमांड में जारी मजबूत मांग के कारण आई है। लोढ़ा ब्रांड के तहत संपत्ति कारोबार करने वाली मैक्रोटेक डेवलपर्स की बिक्री बुकिंग पिछले साल 3350 करोड़ रुपये रही थी। बीते शुक्रवार को कंपनी के शेयरों में 5.24 फीसदी की गिरावट देखी गई और यह स्टॉक BSE पर 1395.45 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इस गिरावट के साथ कंपनी का मार्केट कैप घटकर 1.38 लाख करोड़ रुपये हो गया है।
Macrotech Developers का बयान
शेयर बाजार को दी गई जानकारी में Macrotech Developers ने कहा कि ग्राहकों से कलेक्शन मौजूदा वित्त वर्ष (2024-25) की अप्रैल-जून तिमाही में 12 फीसदी बढ़कर 2690 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि में 2400 करोड़ रुपये था। कंपनी की बिक्री बुकिंग (प्री-सेल्स) 2023-24 के दौरान 20 फीसदी की वृद्धि के साथ रिकॉर्ड 14520 करोड़ रुपये रही, जबकि वित्त वर्ष 2022-23 में यह 12060 करोड़ रुपये थी।
Macrotech Developers को FY25 में बिक्री बुकिंग में 21% वृद्धि की उम्मीद
मैक्रोटेक डेवलपर्स ने चालू वित्त वर्ष में बिक्री बुकिंग में 21 फीसदी वृद्धि का अनुमान जताया है। मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) और पुणे में अहम उपस्थिति वाली मैक्रोटेक डेवलपर्स ने हाल ही में बेंगलुरु में प्रवेश किया है। कंपनी चालू वित्त वर्ष में 17 हाउसिंग प्रोजेक्ट्स शुरू करेगी, जिनसे उसने 12000 करोड़ रुपये का बिक्री लक्ष्य रखा है।
क्या है Macrotech Developers का प्लान
Macrotech Developers 2024-25 के दौरान तीनों शहरों में 10 प्रोजेक्ट और मौजूदा रेसिडेंशियल प्रोजेक्ट्स में सात नए फेज शुरू करेगी। लॉन्च किए जाने वाले कुल एरिया का अनुमान 10.1 मिलियन वर्ग फीट है, जिसका अनुमानित ग्रॉस डेवलपमेंट वैल्यू (GDV) 12100 करोड़ रुपये है। मैक्रोटेक डेवलपर्स ने लगभग 100 मिलियन वर्ग फीट रियल एस्टेट डिलीवर किया है और अपने चल रहे और प्लान्ड पोर्टफोलियो के तहत 110 मिलियन वर्ग फीट से अधिक का विकास कर रहा है।
कैसा रहा है Macrotech Developers शेयरों का प्रदर्शन
पिछले एक महीने में Macrotech Developers के शेयरों में करीब 10 फीसदी की गिरावट आई है। हालांकि, पिछले 6 महीने में स्टॉक ने 15 फीसदी का रिटर्न दिया है। इस साल अब तक कंपनी के शेयरों में 33 फीसदी की तेजी आ चुकी है। पिछले एक साल में स्टॉक ने 100 फीसदी का तगड़ा रिटर्न दिया है। पिछले तीन सालों में स्टॉक ने 261 फीसदी का रिटर्न दिया है।