Best Stock to Invest in 2023: यह पूरा साल मार्केट के लिए काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। कोरोना महामारी, हाई इंफ्लेशन, बढ़ती ब्याज दरें, करेंसी में उतार-चढ़ा, भूराजनीतिक अनिश्तितता और विदेशी निवेशकों की बिकवाली ने बाजार पर अच्छा-खासा असर डाला। हालांकि दुनिया भर के बाजारों से तुलना करें तो भारतीय मार्केट का दमखम दिखा। पिछले कुछ दिन कोरोना महामारी के चलते बाजार में गिरावट दिख रही है लेकिन उससे पहले यह 7 फीसदी मजबूत हुआ था और अब कोरोना के चलते इस पूरे साल में एक फीसदी से थोड़ा ही अधिक मजबूत दिख रहा है।
निफ्टी ने तो 22 नवंबर को 18,888 का रिकॉर्ड हाई लेवल छू दिया था। अब अगले साल की बात करें तो मार्केट वैश्विक मंदी की आशंका और कोरोना महामारी के साये में रहेगा। घरेलू ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ब्रोकिंग एंड डिस्ट्रीब्यूशन ने अगले साल निवेश के लिए खास टिप्स दिए हैं।
भारतीय बाजार को किससे मिला सपोर्ट
हालिया गिरावट से पहले तक घरेलू मार्केट दुनिया के उन चुनिंदा बाजारों में शामिल था, जो वैश्विक सुस्ती के बीच भी अपना दम-खम बचाए हुए थे। इसकी सबसे बड़ी वजह केंद्र सरकार की तरफ से इकोनॉमी को दौड़ाने के लिए पूंजीगत खर्च बढ़ाना और मजबूत खपत मांग रही। खपत की मजबूती का संकेत जीएसटी के आंकड़ों से लगाया जा सकता है।
मार्च 2022 के बाद से लगातार ई-वे बिल जेनेरेशन का आंकड़ा 7 करोड़ के पार रहा तो जीएसटी कलेक्शन लगातार आठवें महीने 1.40 लाख करोड़ रुपये के पार रहा। कॉरपोरेट की कमाई में शानदार इजाफा हुआ। जीडीपी और पीएमआई में भी अच्छी रिकवरी दिखी। बैंकों की बैलेंस शीट मजबूत हुई है और इस साल तो इसके शेयरों ने जमकर रिटर्न दिया है।
रीयल एस्टेट, ऑटो, बैंकिंग और टेलीकॉम इत्यादि में फिर से तेजी का रुझान दिख रहा है। इनमें निजी निवेश बढ़ सकता है। इसके अलावा चीन+1 और यूरोप+1 के कांसेप्ट से भी घरेलू मार्केट को सपोर्ट मिलने की उम्मीद है। वहीं केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाएं आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया से देश में मैन्यूफैक्चरिंग एक्टिविटीज को सपोर्ट मिलेगा। हालांकि महंगाई, कोरोना महामारी और मंदी का आशंका चिंता का सबब बनी हुई है। इसके अलावा अमेरिकी मौद्रिक नीतियां भी बाजार की चाल तय करेंगी।
ये स्टॉक्स करा सकते हैं शानदार कमाई
ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल के मुताबिक अगले साल 2023 में क्रेडिट ग्रोथ और कैपेक्स थीम अहम रहने वाला है। इसका मतलब हुआ कि BFSI (बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और बीमा), कैपिटल गुड्स, इंफ्रा, सीमेंट, हाउसिंग, डिफेंस और रेलवेज पर फोकस रहेगा। ब्रोकरेज फर्म ने अगले साल निवेश के लिए इंफोसिस, एसबीआई, आईटीसी, एलएंडटी, एक्सिस बैंक, मारुति, टाइटन, अल्ट्राटेक, अपोलो हॉस्पिटल, पीआई इंडस्ट्रीज, मैक्रोटेक डेवलपर्स, इंडियन होटल्स, भारत फोर्जे और वेस्टलाईफ पर दांव लगाया है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।