Top Corporate Deals 2022: दुनिया भर में कोरोना महामारी का खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है। इसके अलावा सख्त मौद्रिक नीतियों और रूस-यूक्रेन के बीच लड़ाई के चलते भी इस साल 2022 में कारोबारी गतिविधियां प्रभावित हुई। पिछले साल वर्ष 2021 में मर्जर एंड एक्विजिशंस (M&A) एक्विटिवीज रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थीं लेकिन कंपनियों के बीच बड़े सौदे इस साल भी हुए। दुनिया भर में इस साल के टॉप-5 कॉरपोरेट डील में एक भारत में भी हुआ है। यहां इस साल की दुनिया भर के 5 सबसे बडे़ सौदों के बारे में जानकारी दी जा रही है।
Amgen-Horizon Therapeutics Deal
बॉयोटक ड्रग डेवलपर एमजेन (Amgen) दुर्लभ बीमारियों के इलाज सेग्मेंट में अपना और विस्तार कर रही है। इसके तहत कंपनी ने 12 दिसंबर 2022 को दवा कंपनी होरिजोन थेरेप्यूटिक्स (Horizon Therapeutics) को खरीदने का सौदा किया है। इस सौदे की वैल्यू 2640 करोड़ डॉलर है और इसके हिसाब से यह इस साल का पांचवा सबसे बड़ा सौदा है। होरिजोन के शेयरहोल्डर्स को प्रति शेयर 116.50 डॉलर मिलेंगे।
इस साल की पांच सबसे बड़ी डील्स में भारत का भी एक सौदा शामिल है। एचडीएफसी और एचडीएफसी बैंक का विलय होना है। 4 हजार करोड़ डॉलर का यह सौदा इस साल का चौथा सबसे बड़ा सौदा है लेकिन भारतीय इतिहास में यह अब तक की सबसे बड़ी डील है। इस डील पर 4 अप्रैल 2022 को सहमति बनी थी। इसके तहत एचडीएफसी बैंक की 41 फीसदी हिस्सेदारी एचडीएफसी के पास हो जाएगी। एचडीएफसी के शेयरहोल्डर्स को 25 शेयरों के बदले में एचडीएफसी बैंक के 42 शेयर मिलेंगे। सौदे के बाद एचडीएफसी बैंक सबसे बड़ी फाइनेंशियल सर्विस कंपनी बन जाएगी।
इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने वाली दिग्गज कंपनी टेस्ला (Tesla) और स्पेस कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) के मालिक एलॉन मस्क (Elon Musk) ने ट्विटर को खरीद लिया। 4400 करोड़ डॉलर का यह सौदा 25 अप्रैल 2022 को हुआ था और इस साल की तीसरी सबसे बड़ी डील है। फर्जी खातों के चलते मस्क इस डील से पीछे हट रहे थे लेकिन बाद में ट्विटर ने कानूनी कार्रवाई शुरू की तो मस्क ने फिर से डील के लिए हामी भरी। अब ट्विटर पर उनका मालिकाना हक है। मस्क ने जब से ट्विटर को संभाला है, यह लगातार चर्चा में है।
इस साल की दूसरी सबसे बड़ी डील अमेरिका की चिप बनाने वाली कंपनी ब्रॉडकॉम (Broadcom) और अमेरिकी क्वाउंड कंप्यूटिंग और वर्चुअलाइजेशन कंपनी वीएमवेयर (VMware) के बीच हुई। 6100 करोड़ डॉलर के इस सौदे को इस महीने की शुरुआत में ब्राजील, कनाडा और साउथ अफ्रीका में नियामकीय मंजूरी मिल चुकी है। हालांकि अमेरिका और यूरोपिय यूनियन की मंजूरी मिलनी बाकी है।
Microsoft-Activision Blizzard Deal
इस साल की सबसे बड़ी डील माइक्रोसॉफ्ट और एक्टिवेशन ब्लिजार्ड के बीच हुई। 6870 करोड़ डॉलर का यह सौदा 18 जनवरी 2022 को हुआ था। माइक्रोसॉफ्ट ने एक्टिविशन ब्लिजार्ड को 95 डॉलर प्रति शेयर के भाव से कैश के जरिए खरीद लिया। इस सौदे के जरिए माइक्रोसॉफ्ट ने गेमिंग मार्केट में एंट्री मारी और रेवेन्यू के हिसाब से टेनसेंट (Tencent) और सोनी (Sony) के बाद दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी गेमिंग कंपनी हो गई। इस सौदे के बाद अब वॉरक्राफ्ट (Warcraft), कॉल ऑफ ड्यूटी (Call of Duty) और कैंडी क्रश (Candy Crush) माइक्रोसॉफ्ट की हो गई है।