Market outlook : करीब 100 स्मॉलकैप शेयर 10-50% भागे, जानिए अगले हफ्ते कैसी रह सकती है बाजार की चाल
Market outlook : जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के विनोद नायर का कहना है कि मजबूत जीडीपी और पीएमआई आंकड़ों के दम पर बाजार में पूरे हप्ते तेजी देखने को मिली। कमजोर ग्लोबल संकेतों के बावजूद भारतीय बाजारों में तेजी देखने को मिली। बाजार को भारती इकोनॉमी की शानदार ग्रोथ संभावनाओं से सपोर्ट मिल रहा है। बाजार की नजर अब महंगाई और औद्योगिक उत्पादन के आंकड़ों पर लगी हुई है
MoneyControl News
अपडेटेड Sep 09, 2023 पर 11:34 AM
Market outlook : 8 सितंबर को खत्म हुए हफ्ते में सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे रंग में बंद हुए हैं। बीएसई रियल्टी इंडेक्स और बीएसई कैपिटल गुड्स इंडेक्स में 5 फीसदी, बीएसई एनर्जी इंडेक्स में 4.7 फीसदी और बीएसई पावर इंडेक्स में 4.7 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली
Market outlook : अच्छे मैक्रो आंकड़ों के दम पर बाजार ने 8 सितंबर को बीते हफ्ते में पिछले दो महीनों में सबसे बेहतर रिटर्न दिया है। घरेलू संस्थागत निवेशकों की तरफ से हो रही खरीदारी और यूएस फेड की तरफ से दरों में बढ़त पर विराम लगने की उम्मीद से बाजार का सेंटीमेंट सुधरा है। खराब मानसून, बढ़ते डॉलर, हाई बॉन्ड यील्ड और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल जैसे निगेटिव फैक्टर्स से बावजूद बाजार में तेजी एक पॉजिटिव सरप्राइज है।
बीते हफ्ते निफ्टी 1.97 फीसदी या 384.7 अंक बढ़कर 19820 पर बंद हुआ, जबकि बीएसई सेंसेक्स 1.85 फीसदी या 1,211.75 अंक बढ़कर 66,598.91 पर बंद हुआ। छोटे-मझोले शेयरों का बेहतर प्रदर्शन जारी रहा, बीएसई मिड-कैप इंडेक्स में 4 फीसदी, बीएसई स्मॉल-कैप इंडेक्स में 2.2 फीसदी और बीएसई लार्ज-कैप इंडेक्स में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखने को मिली है।
इस हफ्ते विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 9321.41 करोड़ रुपये की इक्विटी बेची, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 4572.14 करोड़ रुपये की इक्विटी खरीदी।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के विनोद नायर का कहना है कि मजबूत जीडीपी और पीएमआई आंकड़ों के दम पर बाजार में पूरे हप्ते तेजी देखने को मिली। कमजोर ग्लोबल संकेतों के बावजूद भारतीय बाजारों में तेजी देखने को मिली। बाजार को भारतीय इकोनॉमी की शानदार ग्रोथ संभावनाओं से सपोर्ट मिल रहा है। बाजार की नजर अब महंगाई और औद्योगिक उत्पादन के आंकड़ों पर लगी हुई है।
8 सितंबर को खत्म हुए हफ्ते में सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे रंग में बंद हुए थे। बीएसई रियल्टी इंडेक्स और बीएसई कैपिटल गुड्स इंडेक्स में 5 फीसदी, बीएसई एनर्जी इंडेक्स में 4.7 फीसदी और बीएसई पावर इंडेक्स में 4.7 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली।
बीएसई स्मॉलकैप इंडेक्स में 2.2 फीसदी की तेजी आई। एमएमटीसी, जीटीएल इंफ्रास्ट्रक्चर, नेशनल पेरोक्साइड, कोचीन शिपयार्ड, बॉम्बे बर्मा ट्रेडिंग कॉर्पोरेशन, मगध शुगर एंड एनर्जी, जीएमआर पावर, स्पाइसजेट, विकास डब्ल्यूएसपी, आशापुरा माइनकेम, ट्रांसफॉर्मर्स एंड रेक्टिफायर्स इंडिया और साधना नाइट्रोकेम 21-50 फीसदी की बढ़त लेकर बंद हुए हैं।
अगले हफ्ते कैसी रह सकती है बाजार की चाल
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के दीपक जसानी का कहना है कि निफ्टी ने 08 सितंबर को एक और हाई वेव जैसा कैंडल बनाया। इसमें ऊपरी स्तरों पर कुछ बिकवाली देखी गई। हालांकि, वीकली चार्ट पर यह इस हफ्ते 1.98 फीसदी की बढ़त के साथ अब तक के उच्चतम स्तर पर बंद हुआ। इसे 19867 पर रजिस्टेंस का सामना करना पड़। अब निफ्टी अगले कुछ दिनों में 19991 की ओर बढ़ता दिख सकता है। जबकि नीचे की तरफ 19620 पर सपोर्ट मिल सकता है।
च्वाइस ब्रोकिंग के देवेन मेहता का कहना है कि अब निफ्टी के लिए 19600-19650 के जोन में सपोर्ट दिख रहा है। ऑप्शन आंकड़ों पर नजर डालें तो 19900 और उसके बाद 20000 की स्ट्राइक प्राइस पर सबसे ज्यादा कॉल ओपन इंटरेस्ट है। वहीं, 19700 की स्ट्राइक प्राइस पर सबसे ज्यादा पुट ओपन इंटरेस्ट है। दूसरी तरफ बैंक निफ्टी के लिए 44500-44600 पर सपोर्ट और 45500-45700 पर रजिस्टेंस दिख रहा है।
कोटक सिक्योरिटीज के अमोल अठावले का कहना है कि दुनिया के दूसरे बाजारों में अवसरों की कमी के चलते निवेशक भारत की तरफ अपना रुख कर रहे हैं। तकनीकी नजरिए से देखें तो नीचे से वापसी करते हुए निफ्टी हायर बॉटम फॉर्मेशन को बनाए हुए है। निफ्टी आराम से 50 और 20-डे एसएमए (सिंपल मूविंग एवरेज) से ऊपर कारोबार कर रहा है जो काफी हद तक पॉजिटिव है। निफ्टी ने वीकली चार्ट पर एक लॉन्ग बुलिश कैंडलिस्टिक भी बनाया है। ये मौजूदा स्तरों से और तेजी आने का संकेत है।
ट्रेंड फॉलो करने वाले ट्रेडरों के लिए 19700-19650 पर बड़ा सपोर्ट है। अगर ये सपोर्ट बना रहता है तो फिर निफ्टी में 19900 तक का स्तर देखने को मिल सकता है। इसके आगे ये तेजी 20000 तक बढ़ सकती है। दूसरी ओर 19650 के नीचे जानें पर अपट्रेंड कमजोर होगा। फिर निफ्टी 19550-19500 तक गिर सकता है।
बैंक निफ्टी भी लंबे समय के बाद 50-डे एसएमए को पार कर गया है जो काफी हद तक पॉजिटिव है। इसने एक हायर बॉटम फॉर्मेशन भी बनाया है, जो आगे और तेजी आने का संकेत है। पोजीशनल ट्रेडर्स के लिए 44700 या 50-डे एसएमए पर सपोर्ट है। यह सपोर्ट बने रहने पर बैंक निफ्टी में 45600-45900 तक की रैली देखने को मिल सकती है। दूसरी ओर, 44700 से नीचे जाने पर बैंक निफ्टी 20-डे एसएमए या 44300-44000 के स्तर तक फिसल सकता है।
शेयरखान के जतिन गेडिया का कहना है कि निफ्टी का ऑवरली चार्ट दिखा रहा है कि ये राइजिंग चैनल के ऊपरी छोर पर पहुंच गया है। ऐसे में अगले हफ्ते इसमें कंसोलीडेशन की संभावना है। यह कंसोलीडेशन 19850 - 19670 के रेंज में हो सकता है। इस स्थिति में हमें किसी गिरावट में खरीदारी के मौके तलाशने चाहिए। अगले हफ्ते निफ्टी हमें ऊपर की तरफ 19900 का स्तर छूता दिख सकता है। नीचे की तरफ 19630 –19670 पर सपोर्ट और ऊपर की तरफ 19860 –19900 पर रजिस्टेंस दिख रहा है।
बैंक निफ्टी में भी खरीदारी लौटी है। मोमेंटम इंडिकेटर में एक पॉजिटिव क्रॉसओवर है जो तेजी का संकेत है। कुल मिलाकर हमें बैंक निफ्टी में तेजी जारी रहने की उम्मीद है। शॉर्ट टर्म में बैंक निफ्टी में 45500 का स्तर देखने को मिल सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।