Stock markets: 10 फरवरी को निफ्टी 23,400 से नीचे बंद हुआ है। भारतीय इक्विटी इंडेक्सों में गिरावट देखने को मिली है। आज के कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 548.39 अंक या 0.70 फीसदी की गिरावट के साथ 77,311.80 पर और निफ्टी 178.35 अंक या 0.76 फीसदी की गिरावट के साथ 23,381.60 पर बंद हुआ है। आज लगभग 1029 शेयरों में तेजी आई, 2917 शेयरों में गिरावट आई और 108 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। ट्रेंट, पावर ग्रिड कॉर्प, टाटा स्टील, टाइटन कंपनी और ओएनजीसी निफ्टी के टॉप लूजरों में रहे। जबकि कोटक महिंद्रा बैंक, ब्रिटानिया इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स में बढ़त देखने को मिली।
निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्सों में 2-2 फीसदी की गिरावट आई। मेटल, मीडिया, फार्मा, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, पावर, रियल्टी में 2-3 फीसदी की गिरावट के साथ सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए।
प्रोग्रेसिव शेयर्स के निदेशक आदित्य गग्गर का कहना है कि टैरिफ से संबंधित मौजूदा ट्रेड वॉर ने भारतीय इक्विटी बाजारों पर नकारात्मक प्रभाव डालना जारी रखा है। सुस्त शुरुआत के बाद, इंडेक्स ने पूरे दिन गिरावट को जारी रखी और अंततः 178.35 अंकों की भारी गिरावट के साथ 23,381.60 पर बंद हुआ। सभी सेक्टरों में भारी गिरावट देखी गई। रियल्टी और मेटल सेक्टर सबसे अधिक गिरे। ब्रॉडर मार्केट में बिक्री का दबाव विशेष रूप से बहुत ज्यादा था। मिड और स्मॉल-कैप दोनों सेग्मेंटों में 2.12 फीसदी और 2.11 फीसदी की गिरावट देखने को मिली।
मजबूत बियरिश कैंडलस्टिक के साथ,निफ्टी ने निर्णायक रूप से 23,500 के अपने अहम सपोर्ट स्तर को तोड़ दिया है। अब निफ्टी के लिए 23,240 के स्तर पर अगला बड़ा सपोर्ट दिख रहा है। वहीं, ऊपर की तरफ इसके लिए 23,465 पर रेजिस्टेंस नजर आ रहा है।
एलकेपी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ तकनीकी विश्लेषक रूपक डे का कहना है कि हेडलाइन इंडेक्स में गिरावट जारी है क्योंकि यह डेली चार्ट पर लोअर टॉप पर पहुंचने के बाद गिर रहा है। निफ्टी के 21EMA से नीचे गिरने के बाद सेंटीमेंट और कमजोर हो गया है। इसके अलावा, RSI ने भी बियरिश क्रॉसओवर में प्रवेश कर लिया है। निफ्टी के 23,350 से नीचे जाने पर शॉर्ट टर्म में बाजार का रुझान और खराब हो सकता है। अगर निफ्टी 23,350 से नीचे जाता है तो गिरावट 23,000 तक बढ़ सकती है। ऊपर की तरफ निफ्टी के लिए 23,550 पर रेजिस्टेंस दिख रहा है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।