Market outlook : निफ्टी आज सपाट रुख के साथ खुला और पूरे दिन इसमें दबाव बना रहा। कारोबार के अंत में 100 अंकों से ज्यादा की गिरावट के साथ दिन के निचले स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी का डेली चार्ट देखने से साफ होता है कि इसमें आज फॉलो-थ्रू बिकवाली का दबाव कायम रहा। आज ये पिछले कारोबारी सत्र में बने इनसाइड बार पैटर्न से नीचे टूट गया है। निफ्टी में अभी बिकवाली का दबाव जारी रहने की संभावना है बेंचमार्क इंडेक्स 11 अगस्त को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए हैं। निफ्टी आज 19450 से नीचे फिसल गया है। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 365.53 अंक या 0.56 फीसदी टूट कर 65322.65 पर और निफ्टी 114.80 अंक या 0.59 फीसदी की गिरावट के साथ 19428.30 पर बंद हुआ है।
आज लगभग 1491 शेयरों में तेजी आई। जबकि 1988 शेयर गिरकर बंद हुए। वहीं, 136 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी मामूली गिरावट के साथ बंद हुए हैं। निफ्टी बैंक 343 अंक गिरकर 44199 पर बंद हुआ है। सेंसेक्स के 30 में से 23 शेयरों में गिरावट रही है। जबकि निफ्टी के 50 में से 40 शेयरों में गिरावट रही है। निफ्टी बैंक के 12 में से 7 शेयरों में गिरावट देखने को मिली है।
निफ्टी के टॉप लूजर्स में इंडसइंड बैंक, एनटीपीसी, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, डिविस लैब्स और यूपीएल के नाम शामिल है। जबकि एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाइटन कंपनी, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन, अल्ट्राटेक सीमेंट और रिलायंस इंडस्ट्रीज आज निफ्टी के टॉप गेनर रहे हैं। सेक्टोरल इंडेक्सों पर नजर डालें तो में पीएसयू बैंक इंडेक्स 1 फीसदी चढ़ा है। वहीं, फार्मा और बैंक इंडेक्स में 1 फीसदी की गिरावट आई है। जबकि ऑटो, एफएमसीजी, मेटल और ऑयल एंड गैस में 0.5 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है।
शेयरखान के जतिन गेडिया का कहना है कि निफ्टी आज सपाट रुख के साथ खुला और पूरे दिन इसमें दबाव बना रहा। कारोबार के अंत में 100 अंक अंकों से ज्यादा की गिरावट के साथ दिन के निचले स्तर पर बंद हुआ। डेली चार्ट पर हम देख सकते हैं कि निफ्टी में फॉलो-थ्रू बिकवाली का दबाव देखा गया। आज ये पिछले कारोबारी सत्र में बने इनसाइड बार पैटर्न से नीचे टूट गया है। निफ्टी में अभी बिकवाली का दबाव जारी रहने की संभावना है। इसके डेली और ऑवर्ली दोनों ही मोमेंटम इंडीकेटर निगेटिव क्रॉसओवर दे रहे हैं। ये इंडेक्स में अभी और कमजोरी आने का संकेत है। निफ्टी के लिए 19350–19290 के स्तर पर सपोर्ट है। अगर ये सपोर्ट टूट जाता है तो फिर इसमें 19100 का स्तर भी देखने को मिल सकता है। वहीं, ऊपर की तरफ इसके लिए 19530 –19500 पर रजिस्टेंस बना हुआ है।
बैंक निफ्टी में भी कमजोरी के संकेत कायम हैं। इसने नीचे की ओर 44500 - 45000 की रेंज को निर्णायक रूप से तोड़ दिया है। मोमेंटम इंडीकेटर्स में भी निगेटिव क्रॉसओवर है। इससे बैंक निफ्टी में और कमजोरी आने का डर बना हुआ है। बैंक निफ्टी के प्राइस और मोमेंटम दोनों इंडीकेटर्स अगले कुछ कारोबारी सत्रों में और गिरावट के संकेत दे रहे हैं। निफ्टी बैंक शॉर्ट टर्म में हमें 44000 कि तरफ फिसलता दिख सकता है।
कोटक सिक्योरिटीज के अमोल अठावले का कहना है कि यूरोपीय और एशियाई बाजारों से आए कमजोर संकेतों ने बाजार पर दबाव बनाया। मांग में कमी के बीच चीन के महंगाई जनित मंदी की चपेट में आने का डर बढ़ गया है जिससे निवेशकों के माथे पर बल पड़ गए हैं। इसका असर आज हमारे बाजारों में आई बिकवाली के रूप में दिखा। इस महीने अब तक एफआईआई की खरीदारी में भी काफी उतार-चढ़ाव रहा है। इंट्रा-डे वोलैटिलिटी के बीच बाजार ऊपरी स्तरों पर टिकने में कामयाब नहीं रह पा रहा है। तकनीकी नजरिए से देखें तो इस हफ्ते के दौरान बाजार में 20-दिवसीय एसएमए (सिंपल मूविंग एवरेज) के पास लगातार बिकवाली का दबाव देखने को मिला है। डेली और इंट्राडे चार्ट पर निफ्टी ने लोअर टॉप फॉर्मेशन का गठन किया है। ये मौजूदा स्तरों से और कमजोरी आने का संकेत है। है। अब जब तक निफ्टी 19560 के नीचे बना रहेगा तब तक कमजोरी बनी रहेगी और निफ्टी हमें नीचे की तरफ 19300-19250 तक जाता नजर आ सकता है। वहीं, अगर निफ्टी 19560 के स्तर को पार करके मजबूती दिखाता है तो फिर इसमें हमें 19670-19700 का स्तर देखने को मिल सकता है।
बैंक निफ्टी भी 50-डे एसएमए से नीचे कारोबार कर रहा है और डेली चार्ट पर लोअर टॉप बनाए हुए है। ये काफी हद तक नकारात्मक संकेत है। ट्रेडर्स के लिए 50-डे एसएमए या 44700 एक महत्वपूर्ण लेवल है। अगर बैंक निफ्टी इसके नीचे जाता है तो फिर यह 44000-43700 तक फिसल सकता है। वहीं, 44700 से ऊपर जाने पर बैंक निफ्टी में 45000-45200 तक का उछाल देखने को मिल सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।