Market outlook : बजट के पहले बढ़त पर बंद हुआ बाजार, जानिए बजट वाले दिन कैसी रह सकती है इसकी चाल

Stock market : बाजार एक झूले की तरह ऊपर नीचे हो रहा है। इसमें गिरावट पर खरीदारी की रणनीति अब तक प्रभावी रही है। फार्मा सेक्टर अच्छे नतीजों के दम पर तेजी में है। एफओएमसी बैठक से पहले ग्लोबल बाजार के संकेत मिले-जुले हैं और अमेरिका में 10 साल की बॉन्ड यील्ड में मामूली गिरावट आई है। अमेरिका में दर में तत्काल कटौती असंभव दिख रही है

अपडेटेड Jan 31, 2024 पर 4:39 PM
Stock market : बाजार ने दिन की शुरुआत कमजोरी के साथ की लेकिन 21,460 के स्तर से सपोर्ट लेकर इसने फिर से तेजी पकड़ी। बैंकिंग और फार्मा शेयरों में तेज उछाल ने निफ्टी को तगड़ा सपोर्ट दिया

Stock market : भारत में अंतरिम बजट और यूएस फेड के दरों पर आने वाले फैसले से पहले 31 जनवरी को उतार-चढ़ाव भरे कारोबारी सत्र में भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए हैं। कारोबारी सत्र के अंत में सेंसेक्स 612.21 अंक या 0.86 प्रतिशत की बढ़त लेकर 71,752.11 पर बंद हुआ है। वहीं, निफ्टी 203.60 अंक या 0.95 प्रतिशत की तेजी के साथ 21,725.70 के स्तर पर बंद हुआ है। आज लगभग 2113 शेयर बढ़े हैं। वहीं, 1137 शेयरों में गिरावट देखने को मिली है। जबकि 63 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 1.5 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स करीब 2 फीसदी बढ़ कर बंद हुआ है।

डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज, आयशर मोटर्स, सन फार्मा, डिविस लैब्स और टाटा मोटर्स निफ्टी के टॉप गेनर रहे हैं। जबकि एलएंडटी, टाइटन कंपनी, टाटा कंज्यूमर, बीपीसीएल निफ्टी के टॉप लूजर रहे हैं। कैपिटल गुड्स को छोड़कर दूसरे सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए है। ऑटो, बैंक, हेल्थ केयर, पावर, मेटल और रियल्टी प्रत्येक में 1-2 प्रतिशत की बढ़त रही है।

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के विनोद नायर का कहना है कि अंतरिम बजट से पहले भारतीय बाज़ारों में आज तेजी देखने को मिली है।, हालांकि बाजार को बजट से उम्मीदें कम हैं। टैक्स वसूली में उछाल के चलते राजकोषीय घाटे के कम रहने की उम्मीद है। बाजार एक झूले की तरह ऊपर नीचे हो रहा है। इसमें गिरावट पर खरीदारी की रणनीति अब तक प्रभावी रही है। फार्मा सेक्टर अच्छे नतीजों के दम पर तेजी में है। एफओएमसी बैठक से पहले ग्लोबल बाजार के संकेत मिले-जुले हैं और अमेरिका में 10 साल की बॉन्ड यील्ड में मामूली गिरावट आई है। अमेरिका में दर में तत्काल कटौती असंभव दिख रही है। लेकिन दरों में कटौती पर मिलने वाले संकेत बाजार की वोलैटिलिटी पर लगाम लगा सकते हैं।


Dr Reddy's: तीसरी तिमाही में कमाई बढ़ने के बावजूद ब्रोकरेज दे रहे सावधानी बरतने की सलाह, जानिए वजह

प्रोग्रेसिव शेयर्स के निदेशक आदित्य गग्गर का कहना है कि बाजार ने दिन की शुरुआत कमजोरी के साथ की लेकिन 21,460 के स्तर से सपोर्ट लेकर इसने फिर से तेजी पकड़ी। बैंकिंग और फार्मा शेयरों में तेज उछाल ने निफ्टी को तगड़ा सपोर्ट दिया। अंत में निफ्टी 203.60 अंकों की बढ़त के साथ 21,725.70 पर बंद हुआ।

निफ्टी ने एक पियर्सिंग कैंडलस्टिक पैटर्न बनाया है जो तेजी का संकेत है। यह एक इन्वर्टेड हेड एंड शोल्डर पैटर्न के दाहिने शोल्डर का फॉर्मेशन कर रहा है। 21,850 से ऊपर एक मजबूत कदम को एक पैटर्न ब्रेकआउट माना जाएगा और इस स्थिति में निफ्टी 22,470 की ओर जा सकता है। वहीं, नीचे की तरफ इसके लिए 21,615 पर तत्काल सपोर्ट है। जबकि ऊपर की तरफ 21,820 पर तत्काल रजिस्टेंस है।

रेलिगेयर ब्रोकिंग के अजीत मिश्रा का कहना है कि बाजार के हाल के दिनों के चाल से पता चलता है कि अच्छे ग्लोबल संकेतों के बावजूद बाजार में अनिर्णय की स्थिति बनी हुई है। ऐसा लगता है कि मौजूदा स्थिति आगे भी जारी रह सकती है। ऐसे में ट्रेडर्स को सही स्टॉक चुनने पर फोकस करना चाहिए और दोनों तरफ पोजीशन बनाए रखनी चाहिए।

एलकेपी सिक्योरिटीज के रूपक डे का कहना है कि पिछले कारोबारी सत्र में बने ब्लैक क्लाउड कवर के बाद निफ्टी ने आज डेली चार्ट पर एक पियर्सिंग लाइन पैटर्न बनाया है। यह बाजार में वोलैटिलिटी रहने का संकेत है। ऐसे में बजट वाले दिन 1 फरवरी को बाजार में भारी उठापटक देखने को मिल सकती है। नीचे की तरफ निफ्टी के लिए 21,500 पर सपोर्ट है। वहीं, अगर निफ्टी 21,750 से ऊपर जाकर मजबूती दिखाता हो तो फिर इसमें 22,100 और उससे आगे की रैली देखने को मिल सकती है।

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।