Maruti Suzuki Q2 Result: देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया (Maruti Suzuki India) के लिए सितंबर तिमाही बहुत शानदार रही। इसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 80 फीसदी से अधिक और रेवेन्यू करीब 24 फीसदी बढ़ गया। कंपनी ने आज ये नतीजे जारी किए हैं। एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई जानकारी के मुताबिक सितंबर तिमाही में कंपनी का स्टैंडएलोन शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 80.3 फीसदी उछलकर 3,716.5 करोड़ रुपये पर पहुंच गया वहीं इस दौरान स्टैंडएलोन ऑपरेशनल रेवेन्यू भी 23.8 फीसदी उछलकर 37,062.1 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
Maruti Suzuki Q2 Result की खास बातें
सितंबर तिमाही में मारुति सुजुकी का स्टैंडएलोन शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 80.3 फीसदी उछलकर 3,716.5 करोड़ रुपये और स्टैंडएलोन ऑपरेशनल रेवेन्यू 23.8 फीसदी उछलकर 37,062.1 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंसालिडेटे बात करें तो मारुति सुजुकी का शुद्ध मुनाफा सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 78 फीसदी से अधिक उछलकर 3764.3 करोड़ रुपये और रेवेन्यू भी 23.81 फीसदी उछलकर 37,072.8 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसके कंसालिडेटेड रिजल्ट में मारुति, इसकी 2 सब्सिडियरीज, 14 एसोसिएट्स और 3 ज्वाइंट वेंचर्स के रिजल्ट शामिल हैं।
शानदार नतीजे पर Maruti के शेयर रिकॉर्ड हाई पर
मारुति सुजुकी के शानदार नतीजे ने इसके शेयरों को लेकर दमदार माहौल बना दिया। शानदार नतीजे पर यह 4 फीसदी से अधिक उछलकर 10846.10 रुपये पर पहुंच गया जो इसका रिकॉर्ड हाई है। आज सेंसेक्स और निफ्टी का यह टॉप गेनर भी है।