मैक्स फाइनेंशियल सर्विसेज (Max Financial Services) के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव दिख रहा है। Sensex आज लगभग फ्लैट है लेकिन मैक्स फाइनेंशियल के शेयर एक फीसदी से अधिक टूट गए हैं। शेयरों में बिकवाली का यह रुझान प्रमोटर्स के हिस्सेदारी की बिक्री में अटका रोड़ा है। सूत्रों के मुताबिक मैक्स फाइनेंशियल के प्रमोटर्स अपनी हिस्सेदारी बेच रहे हैं लेकिन सेलर और बायर्स के बीच सौदे की शर्तों पर सहमति नहीं बन पा रही है। इसके चलते सौदा पट नहीं पा रहा है। इस वजह से शेयरों पर भी दबाव बना है और फिलहाल यह 1.05 फीसदी की गिरावट के साथ 650.20 रुपये के भाव (Max Financial Share Price) पर ट्रेड हो रहा है। इंट्रा-डे में तो यह 648.05 रुपये तक फिसल गया था। वहीं सेंसेक्स 0.05% की मामूली गिरावट के साथ 57,869.74 पर है।
किस पॉइंट पर अटक रही है डील
जानकारी के मुताबिक प्रमोटर ग्रुप अपनी 7 फीसदी हिस्सेदारी बेचना चाहता है और बाकी हिस्सेदारी से मुनाफे के लिए तेजी का इंतजार करेगा। मैक्स फाइनेंशियल में प्रमोटर ग्रुप की 11.45 फीसदी हिस्सेदारी है। वहीं सौदे में दिलचस्पी रखने वाले सीवीसी कैपिटल, बैन कैपिटल और टीए एसोसिएट्स जैसे प्राइवेट इक्विटी प्लेयर्स मैक्स फाइनेंशियल चाहते हैं कि प्रमोटर्स अपनी पूरी हिस्सेदारी बेचकर कंपनी से निकल लें।
मैक्स फाइनेंशियल के प्रमोटर का कहना है कि यह पहले भी कहा जा चुका है कि प्रमोटर्स कंपनी में बने रहेंगे और इसकी ग्रोथ पर जोर देंगे। प्राइवेट इक्विटी प्लेयर्स की तरफ से कोई जवाब नहीं आया है। मित्सुबिसी समिटोमो इंश्योरेंस की मैक्स फाइनेंशियल में 21.86 फीसदी हिस्सेदारी है। मैक्स फाइनेंशियल सर्विसेज मैक्स लाइफ इंश्योरेंस की पैरेंट कंपनी है और मैक्स लाइफ इंश्योरेंस में एक्सिस बैंक को-प्रमोटर है।
एक साल के हाई से 27% नीचे है Max Financial का शेयर
मैक्स फाइनेंशियल के शेयर पिछले साल 1 अगस्त 2022 को 884.70 रुपये के भाव पर थे जो एक साल का हाई है। इसके बाद तीन महीने में ही यह 23 नवंबर 2022 को 627.80 रुपये पर आ गया जो एक साल का निचला स्तर है। इसके बाद से अब तक यह 4 फीसदी रिकवर हो चुका है लेकिन अभी भी एक साल के हाई से यह 27 फीसदी नीचे 650.20 रुपये पर है।