Mazagon Dock Q2 Results: सरकारी डिफेंस कंपनी Mazagon Dock Shipbuilders के शेयर में मंगलवार, 27 अक्टूबर को भारी गिरावट आई। कंपनी के सितंबर तिमाही के नतीजे कमजोर रहे। इसके बाद शेयर 10% तक टूट गया। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 54.1% गिरकर ₹344 करोड़ रह गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹749 करोड़ था।
कंपनी का रेवेन्यू भी 16.5% घटकर ₹2,446 करोड़ रह गया। पिछले साल यह ₹2,929 करोड़ था। EBITDA में भी 71.3% की गिरावट आई। यह ₹694 करोड़ से घटकर ₹199 करोड़ रह गया। EBITDA मार्जिन भी 23.7% से गिरकर 8.1% पर आ गया।
₹1,250 करोड़ की क्रेडिट सुविधा को मंजूरी
Mazagon Dock के बोर्ड ने अपनी सब्सिडियरी Colombo Dockyard PLC के लिए ₹1,250 करोड़ की अतिरिक्त क्रेडिट सुविधा को मंजूरी दी है। यह सुविधा SBI की मुंबई शाखा से मिलेगी। इसका इस्तेमाल श्रीलंका में SBI के जरिए Colombo Dockyard के ग्राहकों को बैंक गारंटी देने के लिए होगा।
Colombo Dockyard को जहाज बनाने के कॉन्ट्रैक्ट के बदले एडवांस मिलता है। इसके लिए उसे ग्राहकों को बैंक गारंटी देनी होती है। नई सुविधा से यह काम आसान होगा। कंपनी ने बताया कि Colombo Dockyard इस सुविधा से जुड़े शुल्क, टैक्स और दूसरे सीधे खर्चों का भुगतान 10% अतिरिक्त रकम के साथ करेगी।
शेयर कैपिटल बढ़ाने की तैयारी
कंपनी के बोर्ड ने ऑथराइज्ड शेयर कैपिटल को ₹323.72 करोड़ से बढ़ाकर ₹900 करोड़ करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। हालांकि, इसके लिए संबंधित मंत्रालय, DIPAM और शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी होगी।
मझगांव डॉक ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ₹5 प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड देने का ऐलान किया है। इसके लिए 3 नवंबर 2026 को रिकॉर्ड डेट तय की गई है। कंपनी ने बताया कि डिविडेंड का भुगतान 26 नवंबर तक कर दिया जाएगा।
कमजोर नतीजों के बाद Mazagon Dock का शेयर कारोबार के दौरान 10% तक गिर गया। आखिर में यह 6.45% नीचे ₹1,754 पर बंद हुआ। इस साल अब तक शेयर करीब 29% टूट चुका है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।