एमसीएक्स लिमिटेड ने तकनीकी समस्याओं का हवाला देते हुए कहा कि मंगलवार को ट्रेडिंग सुबह 9 बजे के बजाय सुबह 10 बजे शुरू होगी। कमोडिटी एक्सचेंज MCX ने निवेशकों को सोमवार के कारोबार के लिए 'दिन के अंत की प्रक्रियाओं' में तकनीकी गड़बड़ी के बारे में सूचित किया है, जिसके कारण देरी हुई है। एक्सचेंज ने 9 जुलाई को कहा कि आज दिन के लिए विशेष कारोबारी सत्र सुबह 9:45 बजे शुरू होगा और बाजार में कारोबार आज सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
किसी भी एक्सचेंज के लिए दिन के अंत की प्रक्रियाएं यह सुनिश्चित करने के लिए जरूरी होती हैं कि लेन-देन सही ढंग से अपडेट और बनाए रखा जाए। इस प्रक्रिया में लेन-देन करने वाले पक्षों के बीच ऑर्डर का मिलान, दिन के अंत की रिपोर्ट बनाना, डेटा का बैकअप लेना, जोखिम और मार्जिन जरूरतों की समीक्षा, आंतरिक अनुपालन जांच और अन्य पहलू शामिल हो सकते हैं।
MCX पर एग्री वायदा कारोबार के लिए केवल शाम 5 बजे तक उपलब्ध होते हैं। हालांकि, मेंटल, बुलियन, एनर्जि उत्पादों का कारोबार रात 11:30 बजे तक किया जा सकता है।
सोमवार को MCX के शेयर 0.7% गिरकर ₹3,955 पर बंद हुए थे। 2024 में अब तक शेयर में 25% की बढ़ोतरी हुई है। आज 9.55 बजे के आसपास ये स्टॉक एनएसई पर 38.20 रुपए यानी 0.96 फीसदी की कमजोरी के साथ 3948 रुपए के आसपास दिख रहा था। स्टॉक का 52 वीक हाई 4270 रुपए और 52 वीक लो 1,495.00 रुपए है। शेयर का वॉल्यूम 77,911 शेयर के आसपास है।
इस स्टॉक ने 1 हफ्ते में 1.86 फीसदी, 1 महीने में 8.68 फीसदी, 3 महीने में 5.84 फीसदी, 1साल में 148 फीसदी और तीन साल में 163.26 फीसदी रिटर्न दिया है।