फार्मा कंपनी Medicamen Biotech के शेयर में 29 अप्रैल को जमकर खरीद देखने को मिली। कीमत में 20 प्रतिशत का इजाफा हुआ और अपर सर्किट लग गया। कंपनी का शेयर सुबह बीएसई पर बढ़त के साथ 502.10 रुपये पर खुला। दिन में यह पिछले बंद भाव से 20 प्रतिशत चढ़ा और 589.55 रुपये पर अपर सर्किट लग गया। पिछले 2 कारोबारी सत्रों में शेयर 38 प्रतिशत चढ़ा है।
26 अप्रैल को Medicamen Biotech ने शेयर बाजारों को बताया था कि यूएस फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (US FDA) की ओर से रानीपुर, हरिद्वार में स्थित कंपनी की ओंकोलॉजी फॉर्म्यूलेशन फैसिलिटी का इंस्पेक्शन पूरा हो गया है। यह इंस्पेक्शन 17 अप्रैल को शुरू हुआ था और 26 अप्रैल को खत्म हुआ। कंपनी ने बताया कि इंस्पेक्शन 6 प्रोसिजीरियल ऑब्जर्वेशंस के साथ खत्म हुआ है और ऑडिटर ने मंजूरी दे दी है। फाइनल अप्रूवल (EIR) के, FDA को औपचारिक प्रतिक्रिया जमा करने के बाद आने की उम्मीद है।
एक साल में 16.4% की गिरावट
Medicamen Biotech के शेयर में पिछले एक साल में 16.4 प्रतिशत की गिरावट आई है। शेयर ने 52 सप्ताह का उच्च स्तर 903.50 रुपये 11 अगस्त 2023 को देखा था। 52 सप्ताह का निचला स्तर 356.75 रुपये 13 मार्च 2024 को नोट किया गया। कंपनी में मार्च 2024 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 43.21 प्रतिशत शेयर और पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 56.79 प्रतिशत शेयर थे।
Medicamen Biotech वित्तीय तौर पर कितनी मजबूत
बीएसई के डेटा के मुताबिक, दिसंबर 2023 तिमाही में कंपनी ने 44.21 करोड़ रुपये का रेवेन्यू दर्ज किया था। इस दौरान शुद्ध मुनाफा 2.77 करोड़ रुपये रहा था। मार्च 2024 तिमाही और वित्त वर्ष 2024 के वित्तीय नतीजे सामने आना अभी बाकी है। वित्त वर्ष 2023 में कंपनी का रेवेन्यू 137.88 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 15 करोड़ रुपये रहा था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।