मेरिट्रॉनिक्स का आईपीओ 1 जून को आया था। 3 जून बोली लगाने की आखिरी तारीख थी। इस आईपीओ को इनवेस्टर्स का जबर्दस्त रिस्पॉन्स मिला था। यह 315 गुना सब्सक्राइब हुआ था। एसएमई कैटेगरी का आईपीओ होने की वजह से ज्यादातर इनवेस्टर्स ने इस पर ध्यान नहीं दिया था। लेकिन, इस शेयर ने कमाल कर दिया है। अगर आपने इस आईपीओ में बोली लगाई होती तो 10 दिन में आपका पैसा दोगुना से ज्यादा हो गया होता।
प्रति शेयर 149 रुपये के रेट से शेयरों का एलॉटमेंट
Merritronix ने आईपीओ में इनवेस्टर्स को प्रति शेयर 149 रुपये के रेट से शेयर एलॉट किए थे। 8 जून को बीएसई एसएमई प्लेटफॉर्म पर शेयरों की दमदार लिस्टिंग हुई। इश्यू प्राइस के मुकाबले करीब 90 फीसदी प्रीमियम के साथ शेयर 283.10 रुपये पर शेयर लिस्ट हुए। कीमत 297 रुपये पार करने के बाद शेयरों में अपर सर्किट लग गया।
कंपनी डिफेंस सेक्टर के प्रोडक्ट्स बनाती है
यह कंपनी डिफेंस, एयरोस्पेस और इंडस्ट्रियल सेक्टर्स के लिए कई प्रोडक्ट्स बनाती है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस शेयर में निवेशकों की ज्यादा दिलचस्पी की वजह इसका डिफेंस कनेक्शन हो सकता है। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने देश में ही डिफेंस इक्विपमेंट्स के उत्पादन पर फोकस बढ़ाया है। इसका मकसद इंपोर्ट पर निर्भरता घटाना है। इसका फायदा भारत की उन कंपनियों को मिलना तय है, जिनका बिजनेस डिफेंस सेक्टर से जुड़ा है।
लिस्टिंग के बाद शेयरों को लगे पंख
लिस्टिंग के बाद से मेरिट्रॉनिक्स के शेयरों को पंख लग गए हैं। इस शेयर में रोजाना अपर सर्किट लग रहा है। 11 जून को भी बाजार ओपन होने के कुछ ही देर बाद यह शेयर 4.99 फीसदी चढ़कर 344.05 रुपये पर पहुंच गया। इसके बाद इसमें अपर सर्किट लग गया। इस तेजी ने निवेशकों को हैरान किया है। हालांकि, इस आईपीओ में बोली लगाने वाले निवेशक जश्न मना रहे हैं।
शेयर बाजार के प्रमुख सूचकाकों में रिकवरी
मेरिट्रॉनिक्स के शेयरों पर स्टॉक मार्केट्स में उतार-चढ़ाव का असर नहीं दिखा है। बाजार में गिरावट के बीच भी इस शेयर में तेजी दिखी है। हालांकि, 11 जून को शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में गजब की रिकवरी दिखी। कमजोर शुरुआत के बावजूद दोपहर तक सेंसेक्स और निफ्टी हरे निशान में आ गए। इसमें बैंकिंग शेयरों का बड़ा योगदान रहा।