Mid-day Mood : भारतीय बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी 14 सितंबर कारोबारी सत्र के शुरुआती दौर में रिकॉर्ड हाई लगाते दिखे। हालांकि बाजार ऊपर से कुछ हल्का हुआ है। इसके बावजूद निफ्टी 20000 अंक से ऊपर बना हुआ है। बाजार आज नए रिकॉर्ड हाई पर खुला था। खुलने को बाद इसमें तेजी बढ़ती दिखी। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी 67771.05 और 20167.65 के नए ऑल टाइम हाई पर जाते दिखे। एशियाई बाजारों से मिले अच्छे संकेतों नें निवेशकों में जोशभर दिया। इससे अगस्त में अमेरिकी रिटेल महंगाई में बढ़त से पैदा हुई झिझक दूर हो गई।
अमेरिका में दरों में बढ़त की उम्मीद नहीं
अगस्त में अमेरिकी रिटेल महंगाई साल दर सालाना आधार पर 3.7 पर रही है जो 3.6 फीसदी के अनुमान से थोड़ा ही ज्यादा है। महांगाई में इस बढ़त का निवेशकों पर कोई खास असर नहीं दिखा। निवेशकों का अनुमान है अगले हफ्ते फेडरल रिजर्व अपनी पॉलिसी में महंगाई में थोड़ी बढ़त के बावजूद दरों में कोई बढ़त नहीं करेगा।
बाजार में तेजी का रुझान कायम
मेहता इक्विटीज के प्रशांत तापसे का कहना है कि दूसरे एशियाई देशों में रिकवरी को देखते हुए हमारे बाजार में भी तेजी का रुख बने रहने की संभावना है। अगस्त के यूएस सीपीआई आंकड़े इस अटकल को मजबूत करते हैं कि फेडरल रिजर्व अगले सप्ताह की नीति बैठक में अपनी दरों में बढ़ोतरी को रोक सकता है। तापसे ने आगे कहा कि बाजार में तेजी का रुझान बना हुआ है। निफ्टी के बुल्स अब 20500 अंक के मनोवैज्ञानिक लक्ष्य पर फोकस कर रहे हैं। हालांकि एफआईआई की लगातार बिक्री और महंगे वैल्यूशन आगे बढ़ने की गति को सीमित कर सकते हैं।
स्मॉल और मिड-कैप में लौटी तेजी
इसके साथ ही, पिछले दो सत्रों में स्मॉल और मिड-कैप में देखी गई तेज मुनाफावसूली के बाद आज इनमें भी निचले स्तरों से खरीदारी देखने को मिली है। जिसके चलते सभी सेक्टरों में बढ़त देखने को मिली। आज सभी अहम सेक्टोरल इंडेक्स हरे रंग में कारोबार कर रहे हैं। इससे पूरे बाजार के सेंटीमेंट में सुधार हुआ है।
दोपहर 1.30 बजे के आसपास सेंसेक्स 21.31 अंक या 0.03 फीसदी की बढ़त के साथ 67488.30 के स्तर पर दिख रहा था। वही, निफ्टी 20.65 अंक या 0.1 फीसदी की बढ़त के साथ 20090.65 पर दिख रहा था। कुल मिलाकर बाजार का सेंटीमेंट तेजी का है। लगभग 2244 शेयरों में बढ़त देखने को मिल रही है। जबकि 751 शेयरों में गिरावट आई है। वही 86 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इससे पता चलता है कि हर गिरने वाले शेयर पर तीन बढ़ने वाले शेयर देखने को मिल रहे हैं।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के रिटेल के दीपक जसानी को भी उम्मीद है कि निफ्टी और ब्रॉडर मार्केट में तेजी जारी रहेगी। निफ्टी शॉर्ट टर्म में 19865 20140 बैंड में रह सकता है।
हिंडाल्को और टाटा स्टील जैसे मेटल शेयर आज निफ्टी के टॉप गेनर्स में रहे हैं। चीन के कंस्ट्रक्शन सेक्टर की मांग में सुधार की उम्मीद में हिंडाल्को 4 फीसदी से ज्यादा भागा है। टाटा स्टील में भी 2 फीसदी से ज्यादा की बढ़त देखने को मिली है। सभी मेटल शेयरों में मजबूत बढ़त के चलते निफ्टी मेटल इंडेक्स में लगभग दो फीसदी की तेजी देखने को मिल रही है।
प्रोडक्ट की कीमत स्थिर होने और चैनल इन्वेंट्री में कमी को देखते हुए ब्रोकरेज फर्म एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग ने यूपीएल की रेटिंग बढ़ा कर 'buy' कर कर दी है। इसके बाद आज यूपीएल में भी 3 फीसदी से ज्यादा की तेजी आई है। शुगर शेयरों में आज अच्छी तेजी आई है। ब्रोकरेज फर्म डीएएम कैपिटल ने वित्त वर्ष 2023-26 के लिए मजबूत रेवेन्यू ग्रोथ की उम्मीद करते हुए 'खरीद' रेटिंग के साथ कई शुगर शेयरों पर कवरेज शुरू की है। इसके बाद आज शुगर शेयर भी जोश में हैं। ब्रॉडर मार्केट में भी जोरदार उछाल आया है। निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 ने लगभग फीसदी की छलांग लगाई है।
दूसरी तरफ एशियन पेंट्स में आज 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिल रही है। ग्रासिम की तरफ से वित्त वर्ष 2024 की चौथी तिमाही में बिड़ला ओपस ब्रांड नेम से अपना पेंट कारोबार शुरू करने की घोषणा के बाद आज ये स्टॉक दबाव में आ गया। बाजार का मानना है कि इस कारोबार में ग्रासिम के आने से पेंट सेगमेंट में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।