सीएनबीसी-आवाज़ के अनुज सिंघल का कहना है कि बाजार काफी कमजोर है। टेक्निकल चार्ट पर 23,450 के 200 DMA से निफ्टी भी अब केवल 550 अंक ही दूर रहा गया है। वैसे कल की गिरावट पूरी तरह से अप्रत्याशित थी। सवाल ये है कि बाजार को अब क्या परेशान कर रहा है? साफ तौर से कुछ ऐसा है जिसे बाजार जानता है और हम नहीं जानते। आम तौर पर बाजार किसी कारण से पहले चलता है। इसका कारण तो हमें बाद में ही पता चलेगा। फिलहाल, गिरावट के लिए अलग-अलग कारणों को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। गिरावट का सबसे आसान कारण FIIs की बिकवाली है। लेकिन FIIs सिर्फ इस गिरावट में ही नहीं बल्कि लंबे समय से बिकवाल बने हुए हैं। यह सच है कि इस बार बिकवाली की मात्रा बहुत बड़ी है। कमजोर नतीजे भी एक कारण बताए जा रहे हैं। मौजूदा तिमाही में आय ग्रोथ सबसे कमजोर रही है। ग्लोबल संकेत अच्छे हैं लेकिन सिर्फ भारतीय बाजार गिर रहे हैं। अभी सेंटिमेंट काफी कमजोर, कोई रैली नहीं टिक रही है।
