टेलिकॉम कंपनी MTNL (महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड) के शेयरों में 26 नवंबर को शानदार तेजी रही। दिन में बीएसई पर शेयर पिछले बंद भाव से 8.6 प्रतिशत तक चढ़कर 25.35 रुपये के हाई तक गया। बाद में करीब 4 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24.25 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 1500 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। खबर है कि नेशनल लैंड मोनेटाइजेशन कॉरपोरेशन (NLMC) ने भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) और MTNL से जुड़े नए एसेट मोनेटाइजेशन और वैल्यूएशन प्रस्तावों पर विचार किया है। ये प्रस्ताव लगभग 1,300 करोड़ रुपये के हैं। सरल शब्दों में NLMC ने BSNL और MTNL की संपत्तियों को बेचकर या उनका इस्तेमाल करके पैसा जुटाने के लिए करीब 1,300 करोड़ रुपये के नए प्रस्तावों पर विचार किया है।
न्यूज एजेंसी एएनआई की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि वित्त मंत्रालय के अनुसार, इन प्रस्तावों पर बुधवार को नई दिल्ली में NLMC के बोर्ड की 22वीं बैठक में विचार किया गया। अब इन्हें सरकारी प्रक्रियाओं के अनुसार आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। बोर्ड ने नई दिल्ली और मुंबई में स्थित NLMC की 17 आवासीय संपत्तियों की वैल्यूएशन रिपोर्ट पर भी विचार किया।
इससे पहले नवंबर महीने की शुरुआत में खबर आई थी कि सरकार कर्ज के बोझ से दबी MTNL की 9,000 करोड़ रुपये की संपत्ति अगले वित्त वर्ष 2027-28 में बेचने की योजना बना रही है। इन पैसों से कंपनी के कर्ज को कम किया जाएगा। अनुमान है कि MTNL सरकारी बॉन्ड गारंटी सहित 50,000 करोड़ रुपये के कर्ज से जूझ रही है। न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट में कहा गया कि सरकार की अगले वित्त वर्ष 2027-28 के दौरान MTNL के 9,000 करोड़ रुपये के लैंड एसेट्स को मोनेटाइज करने की योजना है।
MTNL का शेयर 2 साल में हुआ आधा
MTNL के शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर एक साल में 37 प्रतिशत कमजोर हुआ है। 2 साल में कीमत घटकर आधी रह गई है। कंपनी में सितंबर 2026 के आखिर तक सरकार के पास 56.25 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 39.51 रुपये और एडजस्टेड लो 20.30 रुपये है।
जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में MTNL का स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 226 करोड़ रुपये रहा। शुद्ध घाटा 832.88 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। पूरे वित्त वर्ष 2026 के दौरान कंपनी का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 887.27 करोड़ रुपये और शुद्ध घाटा 3,102.94 करोड़ रुपये रहा था।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।