Muhurat Trading: हर साल की तरह इस साल भी दिवाली के अवसर पर स्टॉक मार्केट में 'मुहूर्त ट्रेडिंग' सेशन आयोजित की जाएगी। स्टॉक एक्सचेंज BSE और NSE 1 नवंबर को एक घंटे का स्पेशल 'मुहूर्त ट्रेडिंग' सेशन आयोजित करेंगे। स्टॉक एक्सचेंजों ने अलग-अलग सर्कुलर में यह घोषणा की है। इसमें कहा गया है कि ट्रेडिंग सेशन शुक्रवार, 1 नवंबर 2024 को शाम 6 बजे से 7 बजे के बीच आयोजित की जाएगी।
हिंदू कैलेंडर वर्ष के अनुसार यह सेशन एक नए संवत 2081 की शुरुआत का प्रतीक है, जो दिवाली से शुरू होता है। ऐसा माना जाता है कि 'मुहूर्त' या शुभ घंटे के दौरान ट्रेडिंग करने से निवेशकों के लिए समृद्धि आती है।
दिवाली पर शेयर बाजार रेगुलर ट्रेडिंग के लिए बंद रहेगा, लेकिन शाम को एक घंटे के लिए स्पेशल ट्रेडिंग विंडो खुली रहेगी। एक्सचेंजों ने घोषणा की कि प्री-ओपनिंग सेशन शाम 5:45 बजे से शाम 6:00 बजे तक होगा। मार्केट एनालिस्ट्स ने कहा कि दिवाली को कुछ भी नया शुरू करने के लिए आदर्श समय माना जाता है।
कहा जाता है कि निवेशकों को पूरे साल इस सेशन के दौरान ट्रेडिंग से लाभ होता है। चूंकि ट्रेडिंग विंडो केवल एक घंटे के लिए खुली रहती है, इसलिए बाजारों में उतार-चढ़ाव देखा जाता है। एक ही समय स्लॉट में इक्विटी, कमोडिटी डेरिवेटिव्स, करेंसी डेरिवेटिव्स, इक्विटी फ्यूचर्स और ऑप्शंस, और सिक्योरिटीज लेंडिंग और बॉरोइंग (SLB) जैसे कई सेगमेंट में ट्रेडिंग होगी।