Multibagger Penny Stock: शेयर बाजार में वैसे तो कई स्टॉक ऐसे हैं, जिन्होंने कुछ साल के अंदर ही लोगों को लखपति-करोड़पति बना दिया है। लेकिन ऐसे स्टॉक गिनेचुने ही हैं, जिन्होंने एक साल के अंदर ही अपने निवेशकों को इतना मोटा रिटर्न दे दिया। ऐसा ही एक स्टॉक है श्री अधिकारी ब्रदर्स टेलीविजन नेटवर्क लिमिटेड का। यह वही कंपनी है, जिसके पास कभी 'सब टीवी' का मालिकाना हक था। आज यह कंपनी मस्ती, दबंग, धमाल गुजरात, दिल्लगी और मायबोली चैनल्स को ऑपरेट करती है।
श्री अधिकारी ब्रदर्स टेलीविजन नेटवर्क का शेयर 7 अगस्त 2024 को बीएसई पर 418.35 रुपये पर बंद हुआ। एक साल पहले 7 अगस्त 2023 को शेयर की कीमत 1.76 रुपये थी। इस तरह शेयर में पिछले एक साल में 23670 प्रतिशत मजबूती आई है।
₹1 लाख के बने ₹2.38 करोड़
अगर किसी ने एक साल पहले इस शेयर में 50000 रुपये लगाए होंगे और अभी तक शेयरों की बिक्री नहीं की होगी तो उसका निवेश 1,18,85,000 रुपये में बदल गया होगा। किसी ने अगर 10000 रुपये लगाए होंगे तो ये पैसे 23.77 लाख रुपये हो गए होंगे। वहीं 1 लाख रुपये का निवेश 2,37,70,000 रुपये बन गया होगा।
श्री अधिकारी ब्रदर्स टेलीविजन नेटवर्क का मार्केट कैप 1000 करोड़ रुपये है। जून 2024 के आखिर तक कंपनी में प्रमोटर्स के पास 59.52 प्रतिशत और पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 40.48 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। कंपनी 14 अगस्त को अप्रैल-जून 2024 तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी करेगी।
जनवरी-मार्च 2024 तिमाही में कंपनी का ऑपरेशंस से स्टैंडअलोन रेवेन्यू 1.5 करोड़ रुपये रहा था। इस दौरान कुल आय 1.78 करोड़ रुपये रही। कुल खर्च 7.39 करोड़ रुपये के दर्ज किए गए। तिमाही के दौरान कंपनी को 5.60 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था। श्री अधिकारी ब्रदर्स टेलीविजन नेटवर्क की शुरुआत 1985 में हुई थी और यह देश की पहली पब्लिकली लिस्टेड टेलीविजन प्रोडक्शन कंपनी थी। बीएसई पर 1995 में कंपनी की लिस्टिंग हुई।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी शेयर परफॉरमेंस के आधार पर दी गई है। यह बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।