Multibagger Stock: फार्मा सेक्टर की दिग्गज कंपनी सिप्ला (Cipla) ने रोगों के साथ निवेशकों की आर्थिक सेहत का भी बेहतर इलाज किया है। इसने 26 साल में निवेशकों के एक लाख रुपये को एक करोड़ रुपये की पूंजी बना दिया है। अभी बीएसई पर इसके भाव (Cipla Share Price) 1,108 रुपये हैं। इसका मार्केट कैप 89,415.78 करोड़ रुपये है।
कम टाइम फ्रेम में भी यह शानदार निवेश साबित हुआ है। इस साल सेंसेक्स एक फीसदी से अधिक कमजोर हुआ है लेकिन सिप्ला के शेयर 19 फीसदी से अधिक मजबूत हुए हैं यानी कि सिप्ला ने सेंसेक्स के मुकाबले आउटपरफॉर्म किया है।
26 साल में बना दिया करोड़पति
सिप्ला के शेयर 22 मार्च 1996 को 10.33 रुपये पर थे जो 17 अक्टूबर 2022 तक करीब 107 गुना बढ़कर 1108 रुपये पर पहुंच गए। इसका मतलब हुआ कि उस समय सिप्ला में लगाई हुई एक लाख रुपये की पूंजी अब तक 1.07 करोड़ रुपये बन जाती।
कम समय में भी शानदार तेजी
सिप्ला के शेयरों ने कम समय में भी शानदार प्रदर्शन किया है। पिछले साल इसके शेयर 17 दिसंबर 2021 को 850 रुपये के भाव पर थे जो एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इसके बाद सिप्ला के भाव मजबूत हुए और 35 फीसदी से अधिक की उछाल के साथ 6 अक्टूबर 2022 को 1149 रुपये के भाव पर पहुंच गए जो पिछले 52 हफ्ते का रिकॉर्ड ऊंचा स्तर है।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
सिप्ला सांस, हार्ट, सूगर जैसी बीमारियों के इलाज के लिए दवाइयां तैयार करती है जिसकी बिक्री दुनिया भर में होती है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में इसका नेट प्रॉफिट तिमाही आधार पर घटा है लेकिन रेवेन्यू में बढ़ोतरी हुई है।
बीएसई पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल-जून 2022 में इसका नेट प्रॉफिट तिमाही आधार पर 652.96 करोड़ रुपये से गिरकर 759.16 करोड़ रुपये रह गया जबकि इसी अवधि में रेवेन्यू 2,946.6 करोड़ रुपये से बढ़कर 3,157.13 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी शेयर परफार्मेंस के आधार पर दी गई है। यह बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।