ICICI Pru Life Insurance Share Price: निजी सेक्टर की दिग्गज लाइफ इंश्योरेंस कंपनी ICICI Prudential Life Insurance के शेयर एक महीने में 8.63 फीसदी टूट चुके हैं। हालांकि इसी दौरान घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स में महज 1.23 फीसदी की गिरावट रही। इस गिरावट के बावजूद मार्केट एक्सपर्ट्स का इस पर भरोसा बना हुआ है।
घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने इसमें निवेश के लिए खरीदारी की रेटिंग दी है। इसमें निवेश के लिए 700 रुपये का टारगेट प्राइस फिक्स किया है जो मौजूदा भाव से 37.39 फीसदी अपसाइड है। इसके शेयर आज 17 अक्टूबर को बीएसई पर 509.50 रुपये के भाव पर बंद हुए हैं।
एक्सपर्ट्स क्यों लगा रहे हैं दांव
ICICI Pru Life के लिए चालू वित्त वर्ष 2022-23 की दूसरी तिमाही जुलाई-सितंबर 2022 शानदार रही। मैनेजमेंट ने वित्त वर्ष 2023 के लिए वीएनबी (वैल्यू ऑफ न्यू बिजनेस) का लक्ष्य 26.5 लाख करोड़ पर बनाए रखा है। बचत में उछाल, प्रिंसिपल बैंक मिक्स में कमी और ग्रुप प्रोटेक्शन में ग्रोथ का रूझान बना हुआ है।
ब्रोकरेज फर्म का आकलन है कि प्रोडक्ट और चैनल डाइवर्सिफिकेशन में छलांग के दम पर ICICI Pru के कारोबार में तेजी के आसार हैं। अभी इसके शेयर निवेश के लिए आकर्षक भाव पर मिल रहे हैं। ऐसे में ब्रोकरेज फर्म ने इसकी खरीदारी की रेटिंग को बरकरार रखा है। हालांकि इसमें निवेश पर रिस्क की बात करें तो यूलिप और Non-Par Savings जैसे सेग्मेंट्स में मांग कम होने और रिटेल प्रोटेक्शन में कमजोरी रहने से इस पर निगेटिव असर दिख सकता है।
18% की तेजी के बाद अब 37% उछाल के आसार
ICICI Pru Life के शेयर पिछले साल 19 अक्टूबर 2021 को 682.15 रुपये के एक साल के ऊंचे स्तर पर थे। इसके बाद यह 8 मार्च 2022 तक फिसलकर 430 रुपये के 52 हफ्ते के रिकॉर्ड निचले स्तर पर फिसल गया। हालांकि इसकी गिरावट पर फिर लगाम लगी और अब तक यह 18 फीसदी से अधिक उछल चुका है और मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक अभी यह 700 रुपये तक पहुंच सकता है। इसका मतलब हुआ कि मौजूदा भाव पर निवेश कर इसमें 37 फीसदी से अधिक मुनाफा कमा सकते हैं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।