Multibagger Stock: फार्मा सेक्टर की दिग्गज कंपनी कैपलिन प्वाइंट लैबोरेटरीज (Caplin Point Laboratories) के शेयर आज 6 फीसदी से अधिक उछले हैं। मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक इसकी तेजी यहीं थमने वाली नहीं है और इसके शेयर अभी 23 फीसदी और मजबूत हो सकते हैं। घरेलू ब्रोकरेज फर्म आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने इसमें निवेश के लिए 955 रुपये का टारगेट प्राइस फिक्स किया है। लंबे समय में बात करें को इसने महज 63 हजार रुपये के निवेश पर ही निवेशकों को करोड़पति बना दिया है। इसके शेयर आज 14 नवंबर 2022 को बीएसई पर 775.35 रुपये के भाव (Caplin Point Laboratories Share Price) पर बंद हुए हैं। इसका मार्केट कैप 5,877.20 करोड़ रुपये है।
महज 63 हजार के निवेश पर बना दिया करोड़पति
कैपलिन प्वाइंट लैब के शेयर 11 नवंबर 2011 को 4.86 रुपये के भाव (Caplin Point Laboratories Share Price) पर थे। आज यह 159 गुना बढ़कर 775.35 रुपये के भाव पर पहुंच चुका है। इसका मतलब हुआ कि उस समय इसमें महज 63 हजार रुपये लगाने पर ही 11 साल में करीब 1 करोड़ रुपये की पूंजी बन गई।
कम टाइम फ्रेम की बात करें तो छह महीने में इसने निवेशकों को 46 फीसदी रिटर्न दिया है। पिछले साल 15 नवंबर को इसके शेयर 15 नवंबर 2021 को 890 रुपये के भाव पर थे जो एक साल का रिकॉर्ड ऊंचा स्तर है। इसके बाद यह 11 मई 2022 तक करीब 30 फीसदी टूटकर 52 हफ्ते के रिकॉर्ड निचले स्तर 626.30 रुपये पर फिसल गया। हालांकि फिर इसमें खरीदारी बढ़ी और छह महीने में अब तक 46 फीसदी रिकवर हो चुका है।
कैपलिन प्वाइंट लैब फुल्ली इंटीग्रेटेड फार्मा कंपनी है और इसकी लैटिन अमेरिका, अफ्रीकी फ्रेंच देशों में दबदबा है। इसके अलावा यह अमेरिका और यूरोपीय यूनियन में भी तेजी से बढ़ रही है। सितंबर 2022 तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 18.3 फीसदी के उछाल के साथ 359 करोड़ रुपये और एडजस्टेड पीएटी (प्रॉफिट आफ्टर टैक्स) 22.3 फीसदी की तेजी के साथ 91.7 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
घरेलू ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक कंपनी के विस्तार की योजना, अमेरिका में बेहतर ग्रोथ और पोर्टफोलियो में बढ़ोतरी के चलते निवेश का सुनहरा मौका दिख रहा है। ऐसे में एनालिस्ट्स ने इसमें 955 रुपये के टारगेट प्राइस पर निवेश की सलाह दी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।