Multibagger Stock: स्पेशियलटी केमिकल्स की स्मॉल कैप कंपनी विष्णु केमिकल्स (Vishnu Chemicals) ने महज तीन दो साल में निवेशकों को करीब एक हजार फीसदी रिटर्न दिया है। दस साल में इसमें करीब 4 हजार फीसदी की तेजी आई है। अब इस कंपनी ने अपने शेयरों को स्प्लिट करने का फैसला किया है यानी कि निवेशकों के पोर्टफोलियो में शेयरों की संख्या बढ़ेगी लेकिन फेस वैल्यू गिर जाएगी। कंपनी ने 31 अक्टूबर को शेयर बाजारों को इसके बारे में जानकारी दी थी।
रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक विष्णु केमिकल्स के शेयरों को 5:1 के अनुपात में स्प्लिट किया जाएगा यानी कि 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले एक फुल्ली पेड-अप शेयर को 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले 5 फुल्ली पेड-अप इक्विटी शेयरों में बांटा जाएगा। इसे बोर्ड की मंजूरी मिल चुकी है। बीएसई पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक शेयरधारकों की मंजूरी मिलने के तीन महीने के भीतर इसकी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
निवेशकों के लिए मल्टीबैगर साबित हुआ है स्टॉक
विष्णु केमिकल्स के शेयर 2 नवंबर 2012 को 40.75 रुपये के भाव पर थे जो अब 4021.96% बढ़कर आज 3 नवंबर 2022 को 1679.70 रुपये के भाव पर पहुंच गए। इसका मतलब हुआ कि 20 साल में इसने निवेशकों की पूंजी 41 गुना से अधिक बढ़ाई है। कम टाइमफ्रेम की बात करें तो भी इसने शानदार रिटर्न दिया है।
पिछले साल 22 दिसंबर 2021 को इसके शेयर 771.60 रुपये के भाव पर थे जो एक साल का रिकॉर्ड निचले स्तर है। इसके बाद इसमें खरीदारी बढ़ी और इस साल 8 सितंबर तक 178 फीसदी की उछाल के साथ 2,147 रुपये के भाव पर पहुंच गया। अभी इसके शेयर 22 फीसदी डिस्काउंट पर हैं।
कंपनी के बारे में डिटेल्स
विष्णु केमिकल्स स्पेशियलटी केमिकल्स बनाती है। स्टील, ग्लास, फार्मा, पिगमेंट्स और डाईज की अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को यह सप्लाई करती है। कंपनी के वित्तीय़ सेहत की बात करें तो तिमाही आधार पर सितंबर 2022 तिमाही कंपनी के लिए बेहतर रही।
बीएसई पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक जुलाई-सितंबर 2022 में कंपनी का नेट प्रॉफिट तिमाही आधार पर 29.31 करोड़ रुपये से उछलकर 32.56 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं समान अवधि में रेवेन्यू भी 303.91 करोड़ रुपये से बढ़कर 321.52 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी शेयर परफार्मेंस के आधार पर दी गई है। यह बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।