Yes Bank Share Price: ग्रोथ के बेहतर आसार को देखते हुए निजी सेक्टर के दिग्गज बैंक येस बैंक (Yes Bank) के शेयरों में आज शानदार तेजी दिखी। बीएसई पर इसके शेयर आज करीब 4 फीसदी की तेजी के साथ 16.10 रुपये के भाव पर बंद हुए हैं। येस बैंक के स्ट्रेस्ड एसेट यानी फंसे कर्ज की इस महीने नवंबर के आखिरी तक जेसी फ्लॉवर्स को बिक्री पूरी हो सकती है।
बैंक के सीईओ प्रशांत कुमार ने आज गुरुवार 3 नवंबर को कहा कि 48 हजार करोड़ रुपये के खराब लोन इस महीने एसेट रीकंस्ट्रक्शन कंपनी (ARC) को ट्रांसफर हो जाएंगे। बैंक के सीईओ का कहना है कि बैंक ग्रोथ के रास्ते पर अच्छी तरह से बढ़ रहा है और देनदारियों के हिसाब से देखें तो इसकी ग्रोथ रेट इंडस्ट्रीज से बेहतर है। प्रशांत के मुताबिक डिपॉजिट की लागत में बढ़ोतरी हो सकती है लेकिन इससे मार्जिन पर असर नहीं पड़ेगा क्योंकि लोन की दरों में भी बढ़ोरी होगी।
Yes Bank के शेयरों पर इस ऐलान का पॉजिटिव असर
येस बैंक के शेयरों पर लोन ट्रांसफर की जानकारी सामने आने का शानदार असर दिखा। निवेशकों का भरोसा बढ़ा और उन्होंने जमकर खरीदारी की। इसके शेयर आज इंट्रा-डे में बीएसई पर 16.30 रुपये की ऊंचाई तक पहुंच गए थे। हालांकि दिन के आखिरी तक भाव (Yes Bank Share Price) में नरमी आई और यह 16.10 रुपये के भाव पर बंद हुआ। इसका मार्केट कैप 40,340.31 करोड़ रुपये है।
लोन ट्रांसफर से क्या होगा असर
येस बैंक के लोनबुक में 48 हजार करोड़ रुपये का कर्ज स्ट्रेस्ड है जिसे इसके को-फाउंडर राणा कपूर की अगुवाई वाले पुराने मैनेजमेंट ने बांटा था। अब इसे एआरसी को ट्रांसफर कर दिया जाएगा। लोन के ट्रांसफर से बैंक का ग्रॉस एनपीए रेश्यो दो फीसदी से कम हो जाएगा जोकि अभी 12.89 फीसदी के ऊपर है।